12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में अब भीषण गर्मी का अलर्ट, अगले 4 दिन लू की चेतावनी, चपेट में आएंगे 49 जिले

Intense Heat Yellow Alert : मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तेज गर्मी के साथ लू चलने की संभावना जताई है।

2 min read
Google source verification
Intense Heat Yellow Alert

एमपी में अब भीषण गर्मी का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Intense Heat Yellow Alert :मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमते ही एक बार फिर भीषण गर्मी का असर दिखना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान सूबे के रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में लू चली। जबकि, प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी सबसे अधिक तापमान रतलाम में रिकॉर्ड हुआ यहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तेज गर्मी के साथ लू चलने की संभावना जताई है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों में सबसे अधिक तापमान रहने का अनुमान है। वहीं, भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों वाले जिलों के साथ - साथ प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ने के आसार जताए जा रहे हैं। इनमें ज्यादातर जिलों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

किस जिले में कितना तापमान?

बात करें सूबे के आर्थिक नगर इंदौर वाले जिले में सोमवार को सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले साल 1 मई को यहां तापमान 42 डिग्री था, जिससे साफ है कि, इस बार गर्मी ज्यादा तीखी पड़ रही है। अन्य प्रमुख शहरों में उज्जैन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री, भोपाल का 41.2 डिग्री, जबलपुर का 40.8 डिग्री और ग्वालियर का 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, रतलाम के बाद शाजापुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया।

यहां भी भीषण गर्मी का दौर

इसके अलावा धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री, गुना में 41.5 डिग्री और रायसेन, सागर, नर्मदापुरम व श्योपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नरसिंहपुर, खजुराहो, छिंदवाड़ा, दमोह, मंडला, बैतूल और नौगांव में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा।

प्रदेशवासियों को सलाह

गौरतलब है कि, प्रदेश में 30 अप्रैल से 10 मई तक लगातार आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन के असर से मई के शुरुआती दिनों में मौसम बदला रहा, लेकिन अब गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ - साथ दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।