भोपाल

भोपाल के लखेरापुरा मंदिर में खेली गई फूलों की होली, भक्ति के रंग में रंगे श्रीनाथजी

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लखेरापुरा मंदिर में फूलों की होली खेली गई।

less than 1 minute read
Feb 20, 2026

Bhopal News: भोपाल के लखेरापुरा के श्री जी मंदिर में फागुन की मस्ती और भक्ति का संगम देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को मंदिर परिसर में 'फूल फाग उत्सव' का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु श्रीनाथजी ने भक्तों के साथ फूलों और गुलाल की होली खेली। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' और होली के पारंपरिक रसिया गायन से गुंजायमान रहा।

प्रभु का अलौकिक श्रृंगार

उत्सव के अवसर पर प्रभु श्रीनाथजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर के मुखिया श्रीकांत शर्मा ने बताया कि फाग उत्सव के विशेष क्रम में प्रभु को आज धवल (सफेद) वस्त्र धारण कराए गए। प्रभु के मस्तक पर मोतियों का भव्य मुकुट सजाया गया और उन्हें स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। प्रभु का यह श्वेत और स्वर्णिम रूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।

रंग-गुलाल और फूलों की वर्षा

पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार, प्रभु को अबीर, गुलाल, चोवा और चंदन अर्पित किया गया। इसके पश्चात मंदिर के सेवादारों और वैष्णव जनों ने प्रभु के साथ रंगीन गुलाल और ताजे फूलों से होली खेली। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं पर जब प्रभु के चरणों से स्पर्श हुआ प्रसादी गुलाल और फूल बरसे, तो हर कोई भक्ति के आनंद में सराबोर हो उठा। यमुना जी पाठ के साथ होली के विशेष 'रसिया' गीतों का गायन हुआ, जिस पर वैष्णव जन भावविभोर होकर नृत्य करने लगे।

25 फरवरी को बगीचे में विराजेगें प्रभु

मंदिर समिति ने बताया कि होली का उल्लास अभी जारी रहेगा। 25 फरवरी को विशेष आयोजन होगा, जिसमें प्रभु श्रीनाथजी मंदिर के भीतर निर्मित प्रतीकात्मक 'बगीचे' में विराजमान होंगे। बगीचे में विराजमान होकर प्रभु भक्तों के साथ होली खेलेंगे, जो इस उत्सव का सबसे मुख्य और दर्शनीय आकर्षण होगा।

Published on:
20 Feb 2026 08:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर