
Hardeep Puri : केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज मध्यप्रदेश से खाली राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित तमाम वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी शुक्रवार रात भोपाल आए। शनिवार सुबह वे करुणाधाम आश्रम पहुंचे और विधिवत पूजा अर्चना की। हरदीप सिंह पुरी राजनयिक रह चुके हैं। पहले भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी और अब केंद्रीय मंत्री के रूप में वे देश के 12 प्रधानमंत्रियों के साथ काम कर चुके हैं।
दाखिल करेंगे नामांकन
राज्यसभा में मप्र की एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हरदीप पुरी शुक्रवार देर रात को भोपाल एयरपोर्ट आए। राजाभोज हवाई अड्डे पर उनका पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने स्वागत किया। हरदीप पुरी आज अपना नामांकन भरेंगे। इससे पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक में शामिल होंगे। यहां से हरदीप पुरी सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी सहित तमाम नेताओं के साथ विधानसभा जाकर नामांकन दाखिल करेंगे।
'एप्स्टीन' के सार्वजनिक दस्तावेजों में नाम आने के कारण कांग्रेस केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की उम्मीदवारी का विरोध कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसके लिए भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि हरदीप पुरी की उम्मीदवारी के विरोध में कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर तक प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मप्र से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भाजपा की राजनीतिक मंशा और नैतिक मूल्यों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि पुरी का नाम जेफरी एप्स्टीन प्रकरण से जुड़े जिन दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में सामने आया है, उन पर देश के सामने स्पष्ट जवाब आना चाहिए। मप्र कांग्रेस पुरी के विरोध में प्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा के इस राजनीतिक निर्णय का कड़ा विरोध जता रही है।
हरदीप पुरी ने जब एक नौकरशाह के रूप में अपना करियर शुरू किया था तब मोरारजी देसाई देश के प्रधानमंत्री थे। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी के तौर पर उन्होंने बाद में चौधरी चरण सिंह, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, वीपी सिंह, चंद्रशेखर, इंदर कुमार गुजराल, एचडी देवेगौड़ा, पीवी नरसिम्हा राव, डॉ. मनमोहन सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी के साथ भी काम किया। हरदीप पुरी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के सदस्य हैं। 1922 में ट्वीट कर उन्होंने अनेक पूर्व प्रधानमंत्रियों के संबंध में रोचक बातें बताईं थीं। उनके साथ अपनी तस्वीरें भी साझा की थीं।