Home Minister Amit Shah- विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया के सवाल पर सरकार के जवाब से सामने आया भयावह सच, जीतू पटवारी ने हस्तक्षेप की मांग की
Home Minister Amit Shah- मध्यप्रदेश में रोज अनेक लड़कियां-महिलाएं गायब हो रहीं हैं। लाखों लड़कियां-महिलाएं लापता हो चुकी हैं जिनमें से कई का सुराग तक नहीं लग सका है। इस तथ्य पर चिंता जताते हुए प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले में गृह मंत्री से हस्तक्षेप की अपील की है। जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से राज्य सरकार को प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मध्यप्रदेश में बहन बेटियों के लापता होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे पत्र के संबंध में अपने एक्स हेंडल पर भी जानकारी दी। उन्होंने पत्र में लिखा कि मध्यप्रदेश में करीब 22 सालों से बीजेपी की सरकार है। इस दौरान प्रदेश में महिलाओं की स्थिति लगातार बदतर हुई है। मध्यप्रदेश विधानसभा में पेश आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं।
जीतू पटवारी ने कांग्रेस के विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया द्वारा विधानसभा में उठाए सवाल पर बीजेपी सरकार का जवाब का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक भयावह सच को उजागर करता है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बताया कि
वर्ष 2020 से 28 जनवरी 2026 तक की स्थिति में ही प्रदेश में कुल 206507 महिलाएं और 63793 लड़कियां गायब हुई। इनमें से 47984 महिलाओं और 2186 लड़कियों का आज तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे राज्य सरकार की विफलता और नाकारेपन का सबूत बताया। उन्होंने प्रदेश में मानव तस्करी का खूंखार रैकेट सक्रिय होने की भी आशंका जताई। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बीजेपी सरकार के ही इन आंकड़ों पर संज्ञान लेने का आग्रह किया।