आधी रात पुलिसकर्मी की गुंडागदीॅ, छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती की कार पर किया फायर,गुनगा थाने मे पदस्थ है खाकी वदीॅ वाला यह गुंडा।
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रेप की घटनाएं सामने आने के बाद एक ओर जहां पुलिस लगातार चौकस होने का दावा कर रही है। वहीं इसी बीच महिला सुरक्षा को लेकर पीएचक्यू में हुई मुख्यमंत्री से बैठक के दौरान दो पुलिस अफसरों पर तक रेप के आरोप लग गए। जिसके बाद तुरतफूरत में शिकायतें दर्ज कर व केस बना कर मामलों को संभालने की कोशिश की ही जा रही थी कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात खाकी के फिर दागदार होने की बात सामने आ गई।
दरअसल गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12:00 बजे पुलिस कॉलोनी जहांगीराबाद की 22 वर्ष की लड़की जो कि डीबी मॉल से अपने घर जहांगीराबाद पुलिस लाइन जा रही थी से एक पुलिसकर्मी ने छेड़छाड़ कर दी। यही नहीं आरोप है कि आरक्षक पुलिस कर्मी द्वारा छेड़छाड़ कर लड़की की गाड़ी को टक्कर तक मारी गई और लड़की का पीछा करने लगा।
इसी बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भी एक ट्विट कर मामले में सरकार को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने अपने ट्विट में प्रश्न करते हुए पूछा है कि...
पुलिस कांस्टेबल ने लड़की को छेड़ा एवं धमकी दी
जहांगीराबाद थाने में पीड़िता ने दर्ज कराई
FIR
प्रदेश के रक्षक ही जब भक्षक बन गए हैं तो कैसे महिलाएं रहेंगी प्रदेश में सुरक्षित ?
प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह पूरी तरह से फैल हो गए हैं।
इधर,गृहमंत्री को चूडियां सौंपेंगी महिलाएं:
प्रदेश महिला कांग्रेस प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान के नेतृत्व में आज शुक्रवार को प्रदेशभर की महिला कांग्रेस की पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश के गृहमंत्री निवास का घेराव करेंगी। वे प्रदेश भर से महिलाओं द्वारा एकत्र की गई एक लाख चूडिय़ां भी उन्हें सौपेंगी।
महिला कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में आये दिन बच्चियों, युवतियों एवं महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, यौनाचार, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार की शिकार महिलाओं को न्याय दिलाने महिला कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इस दौरान मंत्री को हस्ताक्षरित प्रतियां सौंपी जाएंगीं।
यह है पूरा मामला:
राजधानी भोपाल में गैंगरेप की घटना के बाद सरकार लड़कियों की सुरक्षा के तमाम दावे कर रही है, लेकिन हकीकत ये है कि जिस पुलिस के हवाले महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा का जिम्मा है वही पुलिस कटघरे में खड़ी दिखाई दे रही है। भोपाल में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवती से पुलिस आरक्षक निश्चय तोमर ने छेड़छाड़ की और उसकी कार को टक्कर मारी।
विरोध करने पर पुलिस ने देर रात छेड़छाड़ का मामला तो दर्ज कर लिया था, लेकिन कॉन्स्टेबल के पास कट्टा होने की जिक्र नहीं किया। हालांकि मामला सामने आने के बाद डीआईजी संतोष कुमार सिंह के दखल के बाद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस लाइन स्थित अपने घर जा रही थी लड़की :
गुरुवार रात 12 बजे भोपाल के पुलिस कॉलोनी जहांगीराबाद की एक 22 वर्षीय लड़की डीबी मॉल से अपने घर जहांगीराबाद पुलिस लाइन जा रही थी। इसी बीच एक आरक्षक निश्चय तोमर ने लड़की की गाड़ी को टक्कर मारी और उससे छेड़छाड़ भी की गई।
हैरत की बात कि ये वो इलाका है, जहां पुलिस हेड क्वार्टर और राजभवन स्थित हैं। जहां आरक्षक तोमर ने इस हरकत को अंजाम दिया, वो पुलिस लाइन मे रहता है। यानी पुलिस के पेट्रोलिंग और सुरक्षा के दावों का अंदाजा बखूबी लगाया जा सकता है। इन जगहों पर पुलिस सुरक्षा ज्यादा मुस्तैद रहती है, फिर भी राजधानी की सड़कों पर एक लड़की रात में पुलिस आरक्षक की बदनियती का शिकार हो गई।