भोपाल

अच्छी खबर! प्रदेश की कोरोना रिकवरी दर 50 फीसदी से ज्यादा

प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों का आंकड़ा 6,373 तक पहुंच गया
less than 1 minute read
• •
Updated: 24 May 2020, 11:24 AM IST
corona_patient.jpg

भोपाल. मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 201 नए मामले सामने आए हैं और इस तरह प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमितों का आंकड़ा 6,373 तक पहुंच गया। वहीं, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से नौ और व्यक्तियों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों का आंकड़ा 281 पहुंच गया है।

इन सबके बीच अच्छी खबर ये है कि प्रदेश में अब तक कुल 3,267 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। प्रदेश में अब तक कुल 132769 लोगों की कोविड-19 की जांच की जा चुकी है।

इस बाबत मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना के उपचार की बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में बड़ी संख्या में फीवर क्लीनिक ने भी काम करना चालू कर दिया है। उन्होंने बताया कि कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 51 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने सभी कलेक्टर्स से जिलों में लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाने और गाइडलाइन के अनुसार ही छूट देने की बात कही।

फीवर क्लीनिक में 27,484 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य सुलेमान ने बताया कि प्रदेश के 1496 फीवर क्लीनिक में 27 हजार 484 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 24 हजार 505 को होम आइसोलेशन की सलाह दी गई, 6 हजार 415 व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए हैं, जिनमें से 2 हजार 824 व्यक्तियों को कोविड केयर सेंटर/अस्पतालों में भिजवाया गया है।

Published on: