भोपाल

कहर बनकर आई आंधी- पेड़ गिरने और खंभे टूटने के साथ कई लोगों की मौत

प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तीन दिनों से आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। आंधी से जहां व्यापक तबाही हुई वहीं कई लोगों की मौत भी हुई है।
less than 1 minute read
May 30, 2023
andhi_mp.png

भोपाल. एमपी में मौसम का कहर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार तीन दिनों से आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। आंधी से जहां व्यापक तबाही हुई वहीं कई लोगों की मौत भी हुई है।

सागर के मालथौन में भीषण आंधी आई। हवा इतनी तेज थी कि इलाके में कई पेड़ गिर गए। मकानों, दुकानों की टीन व सीमेंट की चादरें उड़ गईं। इसके बाद जोरदार बारिश भी शुरु हो गई। करीब एक घंटे तक खूब पानी गिरा। आंधी से एक परिवार पर वज्रपात सा हो गया। तेज हवा से उड़ी सीमेंट की चादर ने मां बेटी को चपेट में ले लिया। इससे मासूम बेटी की मौत हो गई जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

मालथौन में रहनेवाले शाहिद खान के परिवार के साथ यह हादसा हुआ। उनकी पत्नी नगीना और बेटी कोहिनूर पर सीमेंट की चादर आ गिरी। दोनों बुरी तरह घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां दो साल की मासूम बच्ची नगीना ने दम तोड़ दिया। मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

इससे पहले सागर में ही ओलों की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। 60 साल के रमेश अहिरवार परिवार के करीब 30 लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से भंडारे में जा रहे थे। रास्ते में अचानक बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। करीब 50-50 ग्राम के ओले लगने से वे जमीन पर गिर गए और बेसुध हो गए। उन्हें ऑटो से सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी आंधी कहर बनकर टूटी- इधर पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी आंधी कहर बनकर टूटी। यहां भी आंधी तूफान और बारिश के कारण दो लोगों की मौत हुई।

Published on:
30 May 2023 08:28 am