भोपाल

मनमोहन सिंह के निधन पर शोक की लहर, सीएम मोहन, जीतू पटवारी समेत इन दिग्गजों ने जताया दुख

Manmohan Singh Death : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश-विदेश के साथ मध्य प्रदेश में भी शोक की लहर है। गृहमंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय शोक की घोषणा के बाद एमपी में भी सरकारी कार्यक्रम निरस्त किए जा रहे हैं। वहीं, प्रदेश भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। आइये जानें किस नेता ने क्या कहा..।

4 min read

Manmohan Singh Death : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। 92 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर देश-विदेश के साथ साथ मध्य प्रदेश में भी शोक की लहर है। राज्य की भाजपा कांग्रेस से जुड़ी राजनीतिक हस्तियों ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंह के निधन को देश की अपूर्णीय क्षति बताया तो वहीं पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा- देश ने एक सच्चा देशभक्त खो दिया।

मनमोहन सिंह के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि, दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें।'

सीएम मोहन ने बताया- देश की अपूर्णीय क्षति

आरबीआई के गवर्नर, देश के वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री जैसे दायित्व को निभाते हुए उन्होंने अपनी कुशल और दूरदर्शी नीतियों से देश की आर्थिक समृद्धि के प्रयासों में सहभागिता की और विभिन्न चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया। देश के आर्थिक विकास में योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

पीसीसी चीफ बोले- देश ने सच्चा देशभक्त खो दिया

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से देश ने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया। 1991 के आर्थिक संकट में उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत के लिए वरदान साबित हुआ है। उनके सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया।' पटवारी ने आगे लिखा- प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्जमाफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए, जिनका लाभ भारत आज भी उठा रहा है। उनकी ईमानदारी, विनम्रता और राष्ट्रसेवा का हर भारतीय सदैव ऋणी रहेगा। ये युगांतकारी क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि।

नेता प्रतिपक्ष बोले- महान अर्थशास्त्री को श्रद्धांजलि

मद्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा- भारतीय राजनीति के अद्भुत नेता और महान अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी को श्रद्धांजलि!!! देश ने आज एक महान व्यक्ति, दुनिया के सर्वाधिक योग्य अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को खो दिया! अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल में उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को नया आधार दिया था।

वित्त मंत्री (1991-1996) : उदारीकरण, वैश्वीकरण और निजीकरण (LPG) की नीति लागू की।
विश्व बैंक और IMF के साथ अनुभव : उन्होंने वैश्विक आर्थिक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। पारदर्शी और दीर्घकालिक आर्थिक नीतियां दीं। विदेश नीति, भविष्य की योजनाओं और दीर्धकालिक सामाजिक नीतियों के अलावा उन्होंने अमेरिका से असैनिक परमाणु समझौता करवाया था। वित्तमंत्री के रूप में भी उनकी उपलब्धियां आज भी याद की जाती है। ऐसी महान विभूति और कांग्रेस के सम्मानित नेता को श्रद्धांजलि!

कैलाश विजयवर्गीय बोले- भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति

एमपी के कैबिनेट मिनिस्टर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन के समाचार से मन द्रवित है। वे अर्थशास्त्री होने के साथ दूरदर्शी नेता और सादगी के प्रतीक थे। उनका जाना भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपने सेवाभावी कार्यों से सदैव हमारी स्मृतियों में रहेंगे। ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं उनके परिवार तथा प्रशंसकों को इस दुख को सहने करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। शत शत नमन।

कमलनाथ ने बताया- पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार मिला। मैं उन सौभाग्यशाली व्यक्तियों में शामिल था जिन्हें उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के रूप में काम करने का मौक़ा मिला। डॉ. मनमोहन सिंह दुनिया के सम्मानित अर्थशास्त्री और भारत के जन कल्याण पर ध्यान देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं। किसानों की कर्ज़ माफ़ी, बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, आदिवासियों के लिए वन अधिकार क़ानून जैसी बहुत सी उपलब्धियां उनके खाते में दर्ज हैं। उनके निधन से पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

दिग्विजय सिंह ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

दिग्विजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। इस देश और लोकतंत्र के सच्चे सपूत के रूप में मनमोहन सिंह ने न सिर्फ़ प्रधानमंत्री का कार्यकाल बखूबी निभाया बल्कि 90 के दशक में देश की गिरती अर्थव्यवस्था को अपनी सूझबूझ से पटरी पर ला खड़ा किया। उनके दिए आर्थिक उदारीकरण के फॉर्मूला ने देश के युवाओं को सपनों की उड़ान दी और देश एक नई पहचान के साथ दुनिया के साथ कदमताल करके चलने लगा। मनमोहन सिंह जिस भी पद पर रहे, उसकी गरिमा को चार चांद लग गए। एक सच्चे स्टेट्समैन के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।

राजकीय सम्मान के साथ कल अंतिम संस्कार

आपको बता दें कि साल से 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह का कल गुरुवार 26 दिसंबर को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली के एम्स ले जाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने रात 9:51 बजे अंतिम सांस ली। कल राजकीय सम्मान के साथ पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Updated on:
27 Dec 2024 02:00 pm
Published on:
27 Dec 2024 12:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर