
MP Board - 50 percent copies of 10th, 12th were checked - देशभर की तरह एमपी में एक ओर जहां लोकसभा चुनावों की चर्चा चल रही है वहीं विद्यार्थियों में अपनी परीक्षाओं के परिणाम जानने की उत्सुकता बढ़ रही है। मध्यप्रदेश में अभी स्थानीय कक्षाओं की परीक्षाएं तो चल ही रहीं हैं लेकिन बोर्ड की अहम परीक्षाएं हो चुकी हैं। बोर्ड की हाईस्कूल यानि 10वीं और हायर सेकेंडरी यानि 12वीं की परीक्षाओं की कॉपियां भी जंच रहीं हैं हालांकि इसकी गति बेहद धीमी है। कॉपी जांचने की सुस्त रफ़्तार के कारण रिजल्ट में विलंब होने की आशंका बढ़ गई है। वैसे, बोर्ड का दावा है कि अप्रेल माह में हर हाल में रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की अहम परीक्षाओं में इस बार 17 लाख स्टूडेंट शामिल हुए हैं। इनमें 10वीं की परीक्षा में 10 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 12वीं बोर्ड की परीक्षा 7 लाख बच्चों ने दी। इन सभी बच्चों को अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है।
अभी बोर्ड परीक्षाओं की कॉपी जांचने का काम चल रहा है। इस बार लोकसभा चुनावों को देखते हुए जहां बोर्ड ने परीक्षाएं जल्दी आयोजित कीं वहीं रिजल्ट भी जल्दी घोषित करने की बात कही जा रही है पर इसमें विलंब होता दिख रहा है। दरअसल कॉपी जांचने की गति बहुत धीमी है जिसके कारण रिजल्ट बनाने और घोषित होने की प्रक्रिया लंबी खिंच सकती है।
इस बार 10वीं और 12वीं परीक्षाओं की कॉपी जांचने का काम परीक्षाओं के दौरान ही चालू कर दिया गया था। यानि एक ओर जहां परीक्षाएं चल रहीं थीं वहीं दूसरी ओर कॉपी भी जांची जाने लगी थी।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अब मूल्यांकन कार्य का दूसरा चरण प्रारंभ हो चुका है। अधिकारी बताते हैं कि अभी तक 10वीं, 12वीं की 50 प्रतिशत कॉपी जांची जा चुकी है। बोर्ड ने 15 अप्रैल तक सभी कॉपी जांचने का लक्ष्य दिया है लेकिन इसमें दिक्कत आ रही है।
बोर्ड की कॉपी जांचने का काम जिन शिक्षकों को सौंपा गया है, उन्हें एक अन्य कार्य भी सौंप दिया गया है। दरअसल इन शिक्षकों की स्थानीय क्लासेस की परीक्षाओं में भी ड्यूटी लगा दी गई है। बोर्ड की कॉपी जांचने का काम छोड़कर शिक्षक 9वीं और 11वीं की परीक्षा कराने में लग गए हैं।
शिक्षकों की ड्यूटी 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं में लगा दी- कई शिक्षकों की ड्यूटी 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं में लगा दी गई है।शिक्षक परीक्षाओं में व्यस्त हो गए हैं जिसके कारण मूल्यांकन कार्य पिछड़ गया है। इसके बाद भी बोर्ड अधिकारी रिजल्ट में देरी की आशंका को नकार रहे हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार 10वीं और 12वीं का रिजल्ट अप्रेल माह के अंत तक हर हाल में घोषित कर दिया जाएगा।
एक नजर—
बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य का दूसरा चरण शुरू
10वीं, 12वीं परीक्षाओं की अब तक 50 प्रतिशत कॉपी जंची
15 अप्रैल तक का मूल्यांकन कार्य पूरा करने का लक्ष्य