MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संत हिरदाराम कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को विधानसभा का भ्रमण किया।
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संसदीय कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझने के लिए संत हिरदाराम कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा का भ्रमण किया। महिला एवं बाल विकास पर आधारित योजनाओं के अंतर्गत इंटर्नशिप कर रही इन छात्राओं ने न केवल सदन की कार्यवाही को देखा, बल्कि लोकतंत्र के इस मंदिर की गौरवशाली परंपराओं से रूबरू हुईं।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन में हो रही चर्चाओं और विधायी कार्यों को सुना। उनके लिए यह एक अनूठा अनुभव था कि किस प्रकार जनहित के मुद्दों पर बहस होती है और नीतियों का निर्धारण किया जाता है। इसके पश्चात, छात्राओं ने विधानसभा स्थित समृद्ध लाइब्रेरी (पुस्तकालय) का अवलोकन किया, जहां उन्होंने संसदीय इतिहास और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य आकर्षण विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रमुख सचिव रविन्द्र शर्मा से हुई विशेष भेंट रही। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा व नीति निर्धारण में युवाओं की भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ विधायी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान उन्हें एक सजग नागरिक बनाने में सहायक होगा।
इंटर्नशिप दल की प्रमुख सदस्य रोशनी वासवानी, हर्षिता पमनानी, भूमिका चांदवानी, खुशी चांदवानी, मानवी दुबे, मुस्कान नौतानी, वंशिका इसरानी और नितिशा सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने बताया कि इस भ्रमण से उन्हें महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं को सरकारी स्तर पर लागू करने की प्रक्रिया को समझने में काफी मदद मिली है।