MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सदन के अंदर ऐलान किया है कि सरकार अब सरसों पर भी भावांतर देगी।
MP News: मध्य प्रदेश में विधानसभा के बजट सत्र का आज छठवां दिन है। सदन में सीएम डॉ मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सरसों की फसलों पर भी भावांतर देगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा मूंग की बजाय उड़द के उत्पादन बढ़ाने पर फोकस है। उड़द पर बोनस देने का काम सरकार रही है।
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि किसानों की बेहतरी के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं बना रही है। सोयाबीन पर भावांतर योजना लागू से किसानों को फायदा मिला है। इस साल सरसों का रकबा 28 प्रतिशत बढ़ा है। जनवरी तक बाजार में सरसों का भाव 5500 से 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि केंद्र सरकार के द्वारा एमएसपी 6200 रूपये प्रति क्विंटल है।
आगे सीएम ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। सरसों के उत्पादन को भावांतर योजना के निर्धारित प्रावधानों और पात्रता के अनुसार शामिल करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
सीएम मोहन यादव ने यह स्पष्ट किया कि सरकार ने सरसों पर भी भावांतर योजना लागू करने का निर्णय लिया है। जिससे किसानों को न्यूनतम मूल्य का लाभ मिल सके और बाजार भाव कम होने की स्थिति में उन्हें नुकसान न उठाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग की बजाय उड़द पर बोनस देने का काम भी मध्य प्रदेश सरकार कर रही है। 600 रूपये प्रति क्विंटल किसानों को बोनस देने का फैसला हमारी सरकार ने किया है। मूंग की बजाय उड़द के उत्पादन पर हमारा विशेष ध्यान है, इसलिए बोनस देने का फैसला किया है। हमारी सरकार चना, मसूर, तुअर का उत्पादन करने का भी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। चना और मसूर के उपार्जन के लिए 24 मार्च से 30 मई तक का समय तय किया गया है।