New Born Girl : भोपाल में एक क्षेत्र के रेलवे ट्रैक के पास बोरी में बंद मिली नवजात, इलाके में मचा हड़कंप।
New Born Girl : मध्य प्रदेश के भोपाल में बुधवार सुबह एक नवजात बच्ची के रेलवे ट्रैक के पास मिलने से हड़कंप मच गया। यहां ऐशबाग इलाके के बाग उमराव दूल्हा स्थित एक ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास बोरी में बंद एक बच्ची मिली है। बच्ची आस-पास से गुजर रहे लोगों को मिली जिन्होंने उसकी रोने की आवाज सुनी और उसे बोरी से बाहर निकाला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात को अपने कब्जे में लिया और उसे कमला नेहरू अस्पताल में भिजवा दिया।
बच्ची को अस्पताल भिजवाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के अस्पतालों से उन महिलाओं की जानकारी ले रही है जिन्होंने 1 या 2 दिन के भीतर बच्चे को जन्म दिया है। इसके आलावा पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रहीं है ताकि बच्ची के माता-पिता की पहचान की जा सके। पुलिस ने अपने मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया है जिससे कम समय में बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाया जाएगा। इस मामले को भोपाल डीसीपी ने अपने आधीन लेकर बच्ची को इस हालत में छोड़ने वालों का पता लगाकर उन्हें सजा देने कि बात कही है।
नवजात की कमला नेहरू अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि उसकी हालत अभी स्थिर है। उन्होंने बताया कि उसकी नाभि की नाल भी अभी तक नहीं कटी है। इससे यह पता चलता है कि वह नवजात है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।