भोपाल-जयपुर फ्लाइट को भी मई के दूसरे सप्ताह से प्रतिदिन चलाने की तैयारी है.....
भोपाल। फ्लाइट से सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गोवा के लिए डायरेक्ट फ्लाइट का इंतजार खत्म हो गया है। इंडिगो एयरलाइन ने एयरपोर्ट प्रबंधन को 23 मई से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने की सूचना दी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इससे पहले इंडिगो कंपनी को भोपाल से गोवा की सीधी उड़ान शुरू करने की अनुमति जारी की थी। इंडिगो ने भोपाल से गोवा तक के लिए शुरुआती किराया 4088 रुपए तय किया है। भोपाल से रायपुर के बाद भोपाल-जयपुर फ्लाइट को भी मई के दूसरे सप्ताह से प्रतिदिन चलाने की तैयारी है।
जयपुर फ्लाइट 13 अप्रैल से शुरू की जा रही है इसे प्रति मंगलवार गुरुवार व शनिवार चलाया जाएगा। इसके बाद इसे प्रतिदिन किया जा सकता है। भोपाल से बेंगलुरु के बीच शाम के वक्त चलने वाली उड़ान को कि 16 मई से प्रतिदिन चलाने की तैयारी है। एयर इंडिया इस गर्मी में एक भी नई उड़ान का संचालन नहीं करेगी। कोलकाता, पुणे, रीवा, जबलपुर, ग्वालियर जैसे शहरों के लिए भी एक भी उड़ान की घोषणा अभी तक नहीं की गई है।
इंदौर शहर से डॉयरेक्ट उड़ेंगी 75 से ज्यादा फ्लाइट
मार्च अंत में लागू होने जा रहे समर शेड्यूल से इंदौर के आसमान की व्यस्तता और बढ़ जाएगी। निजी एयरलाइंस कंपनियों ने चार नई उड़ानों के साथ ही तीन शहरों के लिए एक-एक अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की तैयारी की है। यह उड़ानें शुरू होती हैं तो इंदौर से नियमित उड़ानों का आंकड़ा 75 के पार पहुंच जाएगा।
हालांकि, इंदौर के बेड़े में ये नई फ्लाइट जुड़ने के बावजूद कोविड से पहले की तुलना में कम ही उड़ानें रहेगी। 2019 तक देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से रोजाना 90 से अधिक उड़ानें संचालित होती थी। पिछले साल भी समर शेड्यूल से काफी उम्मीद लगाई गई, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। हालांकि, इस बार आने-जाने वाली 7 उड़ान के लिए एयरलाइंसेस ने स्लॉट बुक कराए हैं। इनमें शिर्डी, उदयपुर, सूरत और राजकोट की उड़ानें हैं। इसके अतिरिक्त अहमदाबाद, लखनऊ और मुंबई के लिए भी इंडिगो ने ही एक-एक अतिरिक्त उड़ान शुरू करने में दिलचस्पी दिखाई है।
तीन फ्लाइट शारजाह के लिए
समर शेड्यूल से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बढ़ोतरी दर्ज होगी। जानकारी के अनुसार अब इंदौर से सप्ताह में एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की जगह चार उड़ान हो जाएंगी। इनमें एक फ्लाइट दुबई और बाकी तीन फ्लाइट शारजाह के लिए रहेंगी। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हवाई यात्राओं में बड़ा विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सप्ताह में तीन दिन शारजाह के लिए सीधी उड़ान की तैयारी कर ली है। इसके अलावा एक उड़ान दुबई के लिए भी रहेगी जो कि 30 मार्च से ही शुरू होने जा रही है। इंदौर से दुबई की ये फ्लाइट हर शुक्रवार की रहेगी जबकि दुबई से इंदौर के लिए विमान गुरुवार को उड़ान भरेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार जल्द ही समर शेड्यूल जारी हो जाएगा।