वर्ष 2017-18 की नई कलेक्टर गाइडलाइन के लिए उप जिला मूल्यांकन समिति ने अपनी रिपोर्ट पंजीयन कार्यालय को सौंप दी है। 715 लोकेशनों पर पड़ताल करने के बाद जिले में नीलबड़, रातीबड़, दीपड़ी, कटारा, लिंक रोड नंबर एक, होशंगाबाद रोड, मिसरोद व बावडि़या कलां (मुख्य मार्ग से हटकर ) में जमीन की कीमतों में ज्यादा उछाल आएगा, जबकि 350 अन्य लोकेशनों में भी कलेक्टर गाइडलाइन बढ़ेगी। जिन जगहों पर रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है, वहां पूर्व में कई बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं,।
प्रशासनिक अधिकारी माया अवस्थी के तबादले के बाद कलेक्टर गाइडलाइन का मामला अटकता दिख रहा था, लेकिन चार्ज छोडऩे से पहले वे रिपोर्ट को फाइनल कर पंजीयन कार्यालय भेज गईं हैं। अब मामला जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में जाएगा। कुछ संशोधन के बाद गाइडलाइन को दावा आपत्ति के लिए जनता के सामने लाया जाएगा। आईजी पंजीयन शिवशेखर शुक्ला ने 5 से लेकर 20 प्रतिशत तक कीमत बढऩे की बात कही है।
चंद लोगों को पासवर्ड
उप जिला मूल्यांकन समिति ने रिपोर्ट को ऑनलाइन बनाया है। इसको खोलने का पासवर्ड भी कुछ ही लोगों को दिया है। हर कोई व्यक्ति गाइडलाइन को खोल नहीं सकता। सूत्रों की मानें तो ये रिपोर्ट सीधे जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में ही खुलेगी।
26 के बाद प्रदेशभर में कैशलेस ई-रजिस्ट्री
ई रजिस्ट्री को कैशलेस करने को लेकर चल रही कवायद पूरी हो चुकी है। संपदा के सॉफ्टवेयर में बदलाव करते हुए अब कैशलेस की विंडो खोल दी गई है। 26 जनवरी से पूरे प्रदेश में ई-रजिस्ट्री कराने के लिए कैशलेस पेमेंट ही करना होगा। वह भी आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रास सैटलमेंट) के माध्यम से। अब तक चेक, डीडी और चालान से काम चल जाता था, 26 के बाद ये मान्य नहीं होंगे। महानिरीक्षक पंजीयक शिवशेखर शुक्ला ने इसके आदेश जारी किए हैं।