भोपाल

एमपी में 15 दिन से कड़ाके की ठंड, आज इन 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

Cold Wave Alert : मौसम विभाग ने आज शनिवार को भोपाल और इंदौर के साथ-साथ प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Cold Wave Alert
शीतलहर का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Cold Wave Alert : पहाड़ी इलाकों में लगातार जारी बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश पर खासा दिखाई देने लगा है। हालात ये हैं कि, करीब आधे महीने से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर समेत 7 जिलों में शीतलहर दर्ज हुई, जबकि नरसिंहपुर में दिन का मौसम असामान्य रूप से ठंडा रहा। रात के समय भी कई जिलों के तापमान में खासा गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने आज शनिवार को भी भोपाल और इंदौर के साथ साथ प्रदेश के 7 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार और शुक्रवार की रात पचमढ़ी राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन में इस सीजन पहली बार तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ। नर्मदापुरम में घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर के बीच दर्ज की गई। वहीं, भोपाल और इंदौर में न्यूनतम पारा लगातार 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

कहां कितना तापमान?

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की रातों में भोपाल 9.6 डिग्री, इंदौर 8.4 डिग्री, ग्वालियर 12.8 डिग्री, उज्जैन 11.5 डिग्री और जबलपुर 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में तापमान 8.5 डिग्री, खरगोन में 8.8 डिग्री, नरसिंहपुर में 9 डिग्री और खंडवा में 9.4 डिग्री रहा। अन्य जिलों में भी तापमान लगातार नीचे जा रहा है। शुक्रवार को दिन के समय भी कई शहरों में ठंड बढ़ी हुई रही। भोपाल में तेज ठंडी हवाएं चलीं और धुंध के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई। नर्मदापुरम और जबलपुर सहित कई क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

ठंड से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग की सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, अब उत्तरी हवाओं की गति और दिशा में बदलाव आया है, जिसके चलते शीतलहर के प्रभाव में कमी आ सकती है और मौसम हल्का राहत देने लग सकता है।

नवंबर की शुरुआत में कड़ाके की ठंड

पिछले एक दशक में नवंबर के दौरान ठंड के साथ बारिश का ट्रेंड देखा गया है। इस बार भी मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह रहा। आमतौर पर तेज ठंड दूसरे हफ्ते से शुरू होती है, लेकिन इस साल नवंबर के पहले हफ्ते से ही तापमान तेजी से गिरा है। अक्टूबर में भी बारिश का प्रदर्शन सामान्य से काफी बेहतर रहा। इस महीने 2.8 इंच बारिश दर्ज हुई, जो औसत 1.3 इंच की तुलना में 121 फीसद ज्यादा है।

Updated on:
22 Nov 2025 08:20 am
Published on:
22 Nov 2025 08:20 am