हेल्थ डिपार्टमेंट ने बनाया वर्किंग प्लानमरीजों को केन्द्रों में मिलेगी बेहतर सेवा
प्रदेश में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके इसके लिए राज्य सरकार अब स्वास्थ्य केन्द्रों को मध्यप्रदेश आरोग्यम के रुप में विकसित करने जा रही है। लोगों को उनके घर के पास ही किस प्रकार से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। इसका ब्लू प्रिंट तैयार किया जाए। इन आरोग्यम केन्द्रों को भारत सरकार के आयुष्मान भारत योजना से भी लिंक किया जाएगा।
इन केन्द्रों पर प्राईवेट डॉक्टरों को नियुक्ति देने पर भी उच्च स्तर पर विचार किया जा रहा है। जिससे डॉक्टरों की कमी के चलते लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहें। इन केन्द्रों में मुख्य रुप से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज तथा कैंसर जैसी बीमारियों की समय-पूर्व पहचान, नियंत्रण एवं उपचार भी इन संस्थाओं में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिये इन केन्द्रों पर सभी आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता के साथ प्रयोगशाला संबंधी सभी आवश्यक जाँच की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर आरोग्यम
दिल्ली में खुले मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर ये आरोग्यम सेंटर खोले जाने पर विचार किया जा रहा है। इसमें एमबीबीएस डॉक्टर और ट्रेंड नर्सिेंग स्टॉफ पदस्थ किया जाएगा। डॉक्टरों को प्रति मरीज के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। सरकार इसका पॉयलेट प्रोजेक्ट चलाने पर भी विचार कर रही है, सफलता मिलने के बाद इन आरोग्यम सेंटर को पूरे प्रदेश में शुरु किया जाएगा।
प्रदेश में वर्ष 2019-20 में 26 जिलों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 1015 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों को आरोग्यम् के रूप में विकसित करने की कार्य-योजना बनाई जा रही है। आरोग्यम् प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जन-समुदायों को 11 स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
इनमें गर्भावस्था में देखभाल एवं प्रसव, नवजात शिशु की देखभाल, बाल्य एवं किशोर स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन सेवाएँ, संक्रामक रोगों का इलाज एवं सामान्य बीमारियों के लिये ओ.पी.डी. सेवाएँ, गंभीर रोगों की स्क्रीनिंग और रोकथाम, आँख तथा कान से संबंधित सेवाएँ, बेसिक ओरल हेल्थ केयर, वृद्धावस्था में देखभाल, आपातकालीन मेडिकल सेवाएँ और मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में जाँच एवं मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएँ प्रमुख हैं। मध्यप्रदेश आरोग्यम् केन्द्रों में योग संबंधी गतिविधियाँ भी नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।