LPG- एमपी की राजधानी में गैस संकट, कलेक्टर ने गैस एजेंसियों की जांच के लिए टीमें बनाई
LPG- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले एक माह से रसोई गैस सिलेंडर को लेकर जारी गहमागहमी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। जिला प्रशासन एक तरफ दावा कर रहा है कि मांग और आपूर्ति में संतुलन बना लिया गया है, वहीं शहर के गैस एजेंसी संचालक मनमानी पर उतारु हैं। स्थिति यह है कि शहर में अभी 25000 रसोई गैस के सिलेंडर की बुकिंग हुई है, लेकिन सप्लाई पेंडिंग दिखाई जा रही है। खास बात यह है कि उपभोक्ता खाली सिलेंडर और डीएसी नंबर लेकर जब एजेंसी पहुंच रहे हैं तो उन्हें बताया जा रहा है कि उनके नाम का सिलेंडर डिलीवर हो चुका है। 5 दिन के दौरान अलग-अलग इलाकों में हुए विरोध प्रदर्शन में यह बात साबित भी हुई है। इन घटनाओं के बाद कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने संबंधित मामलों में जांच के निर्देश दिए हैं।
भोपाल में भारत पेट्रोलियम, इंडेन जैसी पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो में सप्लाई होने वाला मटेरियल का टाइम टेबल शेड्यूल परिवर्तित किया गया है। शहर के गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि मांग और आपूर्ति के हिसाब से पहले जो शेड्यूल निर्धारित किया गया था उसके मुताबिक सप्लाई नहीं आ रही है, जो सप्लाई आ रही है उसे ओवर वेटिंग क्लियर करने के लिए हॉकर्स के माध्यम से भेजने का प्रयास कर रहे हैं। एजेंसी पर आए दिन हो रहे हंगामे के चलते कई डिलीवरी मौके पर ही करनी पड़ रही हैं जिसके चलते कुछ गड़बडिय़ां भी हो रही हैं।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर शनिवार को जिला प्रशासन की अलग-अलग टीमों यानी एडीएम और एसडीएम- तहसीलदारों ने गैस एजेंसियों पर सख्ती शुरू करते हुए निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। हालांकि शनिवार को निरीक्षण के दौरान अफसरों को ज्यादा खामियां नजर नहीं आई हैं।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) सुमित पांडेय ने चार इमली के नजदीक पांच नंबर स्टॉप स्थित जोहर गैस एजेंसी में निरीक्षण कर एलपीजी के मौजूदा स्टॉक और डिलीवरी व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एजेंसियों पर मौजूद उपभोकताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और एजेंसी संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए हैं। एडीएम ने स्पष्ट किया कि भोपाल में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आम नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गैस एजेंसी मनमानी, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करते हुए पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर
चंद्रकांता गैस एजेंसी, अशोका गार्डन, पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मौके पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि बमुश्किल बुकिंग होने के बावजूद संचालक सिलेंडर नहीं दे रहे हैं। बताया गया कि दो किमी दूर ट्रक खड़ा हुआ है वहां जाकर लेना होगा।
लालघाटी स्थित प्रियंका गैस एजेंसी पर शुक्रवार को सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। इनमें कई ऐसे ग्राहक भी शामिल थे, जिन्होंने 4 से 5 दिन पहले ही बुकिंग कराई थी। सिलेंडर मिला नहीं, लेकिन संचालक ने कह दिया कि डिलीवरी हो गई है।
ओल्ड सिटी निवासी सुभाष जैन काला ने बताया कि अंतिम बार सिलेंडर 20 जनवरी 2026 को डिलीवर हुआ था। 19 मार्च 2026 को सिलेंडर बुक किया था। अब तक तक सिलेंडर नहीं भेजा गया। एजेंसी मैनेजर अखिलेश सिंह के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं दे रहे।
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी एसडीएम को अपने- अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने, एजेंसियों को भी यह ताकीद की गई है।