भोपाल

मालिक के सामने बाघों को देख बीच में कूद आया पालतू कुत्ता – और फिर हुआ ऐसा की बच गई सबकी जान

मालिक की जान बचाने के लिए बाघों से भिड़ा...

2 min read
Mar 30, 2019
मालिक के सामने बाघों को देख बीच में कूद आया पालतू कुत्ता, फिर हुआ ऐसा की बच गई सबकी जान

भोपाल। वैसे तो आपने भी कई बार देखा होगा, कि जब किसी की आपको सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो वो कई बार आपको बीच मझधार में छोड़कर भाग जाता है। लेकिन कई बार जीवन में ऐसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जब कोई इंसान नहीं बल्कि जानवर तक आपके लिए अपनी जान तक की बाजी लगा देता है।

जी हां ऐसी ही एक घटना मध्यप्रदेश के मंडला जिले से सामने आई है। जहां अपने मालिक और मालकिन को बचाने के लिए एक पालतू कुत्ता जंगल में दो बाघों से तक भिड़ गया। और इस घटना में सबसे खास बात ये रही कि इस पूरे घटनाक्रम में ये वफादार कुत्ता भी जीवित बच गया।

ये है मामला...
दरअसल मध्य प्रदेश के मंडला जिले में कुंजीराम यादव और फूलवती को गुरुवार शाम को जंगल में दो बाघों ने पकड़ लिया, अपने मालिक व मालकिन को बाघों की पकड़ में देख उनका पालतू कुत्ता दो बाघों से भिड़ गया और उनकी जान बचाई।

इस पूरी घटना में उनके कुत्ते की बहादुरी के कारण उन्हें केवल खरोंचे आई हैं। वहीं इस घटना में उनका कुत्ता भी जीवित बच गया।

इस संबंध में वन अधिकारियों का कहना है कि जोड़ा कान्हा टाइगर रिजर्व के मध्यवर्ती क्षेत्र में अपने कुत्ते के साथ गए थे। वह वहां गांव के उप-सरपंच की गाय ढूंढ रहे थे। उस समय सूरज भी ढल रहा था। वो सौ मीटर चले ही थे, कि उन्हें दो बाघ नजर आ गए जो उन्हें मारने के लिए तैयार खड़े थे।

ऐसे में अब गायों को खोजने की जोड़े की कोशिश खत्म हो चुकी थी और अब उन्हें अपनी जान बचानी थी। इसी दौरान कुंजीराम पर बाघ ने पंजा मारा, लेकिन तभी उनका पालतू कुत्ता बीच में कूद गया। वह जोड़े और बाघों के बीच खड़ा हो गया और भौंकने लगा। इससे अचानक घबराए हुए बाघ पीछे हट गए। जिसके कारण जोड़े को वहां से भागने का समय मिल गया।

वन अधिकारियों ने यादव और उनकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती करवाया। उनके अनुसार 'कुत्ते ने बाघों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।' एक अधिकारी ने कहा कि बाघ संभवत: पहली बार किसी कुत्ते को देखकर हक्के-बक्के रह गए होंगे। जंगल में मौजूद जंगली कुत्ते भौंकते नहीं हैं। इसी कारण वह चकित रह गए होंगे।

Published on:
30 Mar 2019 06:27 pm
Also Read
View All