उमा भारती से मिलने पहुंची साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, मनमुटाव पर साध्वी प्रज्ञा ने दिया ये जवाब
भोपाल. मध्यप्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सोमवार को केंद्रीय मंत्री उमा भारती से मिलने पहुंची। इस दौरान उमा भारती ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का तिलक लगाकर स्वागत किया। उमा भारती ने कहा कि प्रज्ञा का चुनाव मैदान मे उतरना गर्व की बात। उन्होने कहा कि प्रताड़ना के कारण प्रज्ञा का पूरा शरीर टूटा हुआ है।
साध्वी प्रज्ञा के समर्थन में उमा करेंगी प्रचार
उमा भारती और प्रज्ञा के बीच हुई चर्चा में उमा भारती ने कहा कि साध्वी के प्रत्याशी बनने पर सबसे ज्यादा खुशी मुझे हुई। प्रज्ञा बहुत अच्छे वोटों से यह चुनाव जीत गई हैं मैंने पार्टी से कहा है कि मैं खुद से प्रज्ञा के समर्थन में भोपाल में सभा करना चाहूंगी। भारत में इनटोलरेंस की सबसे बड़ी शिकार प्रज्ञा हैं। लेकिन किसी ने उस वक्त अवार्ड वापस नहीं किए इसलिए वह मुझसे भी ज्यादा बड़ी संत है।
मनमुटाव पर साध्वी प्रज्ञा ने दिया ये जवाब
भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि उमा भारती के बाद दिग्विजय सिंह को हराने का अवसर मुझे मिला है। उमा भारती से मनमुटाव पर, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि संतों में कभी मनमुटाव नहीं हो सकता।
इधर, पहले चरण की 6 सीटों पर मतदान जारी
मध्य प्रदेश में पहले चरण के 6 लोकसभा और छिंदवाड़ा विधानसभा उप चुनाव में करीब 60 हजार अधिकारी-कर्मचारी आज मतदान कराने में जुटे हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं नक्सल प्रभावित बैहर, लांजी और परवाड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान शाम चार बजे तक ही होगा।
मतदान में सुरक्षा व्यवस्था के चलते 44 हजार 200 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इन सीटों पर कुल 108 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें 98 पुरुष तथा 9 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। छिंदवाड़ा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा उप चुनाव है इसके चलते यहां सुबह 7 बजे से 90 मिनट पहले मॉक पोल शुरू किया जाएगा। जबकि अन्य लोकसभा के मतदान केन्द्रों 60 मिनट पूर्व मॉक पोल प्रारंभ किया जाएगा।
अंतर्राज्यीय और अंतर्जिला नाके सील
मतदान वाले जिलों के 79 अंतर्राज्यीय तथा 161 अंर्तजिला नाकों को सील कर दिया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए सेना से दो हेली कॉप्टर की व्यवस्था कराई गई है, जो बालाघाट और मंडला में सोमवार को देर रात तक रहेंगे। इसके मतदानकर्मियों के गंभीर होने पर उन्हें प्रदेश से बाहर चिकित्सा सुविधा कराने के लिए एक एयर एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।