19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हवाई सेवा से जुड़ेंगे एमपी के दो और शहर, भोपाल से उड़ानों का सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

Bhopal Air Services- नया सेक्टर प्रदेश की राजधानी भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से सीधा जोड़ देगा

2 min read
Google source verification
Air Services to Begin from Bhopal to Orchha and Chanderi

Air Services to Begin from Bhopal to Orchha and Chanderi- Demo pic

Bhopal Air Services- एमपी में हवाई सेवाओं में तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राज्य के दो और शहरों में हेलिकॉप्टर सेवा प्रारंभ की जा रही है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन ओरछा व चंदेरी आज हवाई सेवा से जुड़ेंगे। इन दोनों शहरों के लिए भोपाल से उड़ानों का सीएम मोहन यादव विधिवत शुभारंभ करेंगे। ओरछा और चंदेरी को हवाई मार्ग से जोड़ने के लिए "पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा" शुरु की जा रही है जिसका मुख्यमंत्री रविवार को शुभारंभ करेंगे। वे हवाई यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे।

प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
इसके अंतर्गत प्रदेश में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा प्रारंभ की गई है। सेवा के नए सेक्टर के तहत भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलिकॉप्टर सेवा शुरु हो रही है। 19 अप्रैल को सुबह 10:45 बजे इस सेवा का विधिवत शुभारंभ होगा।

राजधानी के स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल-चंदेरी-ओरछा हवाई सेवा के लिए हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर सीएम, यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे।

धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

"पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा" का यह नया सेक्टर प्रदेश की राजधानी भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से सीधा जोड़ देगा। श्रीरामराजा मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु सुगमता से ओरछा पहुंच सकेंगे। चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत देखने व विश्वप्रसिद्ध चंदेरी साड़ी खरीदने और हस्तशिल्प का अनुभव लेने भी हेलीकॉप्टर से जा सकेंगे।

एंड टू एंड सेवा का सप्ताह में 5 दिन होगा संचालन

भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलिकॉप्टर सेवा सप्ताह में 5 दिन संचालित होगी। बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को यह हेलिकॉप्टर उड़ेंगे।

भोपाल से ओरछा का किराया ₹6500

भोपाल से चंदेरी की हवाई यात्रा के लिए यात्रियों को किराए के रूप में ₹5500 देने होंगे। भोपाल से ओरछा का किराया ₹6500 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, ₹14500 के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी 'एंड-टू-एंड' सुविधाएं भी शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए ₹3500 में 'जॉय राइड' की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

6 सीटों वाला आधुनिक हेलीकॉप्टर

पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। पर्यटक IRCTC पोर्टल पर इनकी बुकिंग कर सकते हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया था। वर्तमान में यह सेवा आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, चित्रकूट और मैहर के बीच सफलतापूर्वक संचालित है। इस सेवा का अब तक 2 हजार 648 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है।