कोलारवासियों को कम दर में नल कनेक्शन देने विधायक ने किया था निवेदन
भोपाल/कोलार. नगर निगम ने विधायक रामेश्वर शर्मा के निवेदन के बावजूद कोलारवासियों के लिए नल कनेक्शन की दर कम नहीं की। उन्हें कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपए की राशि ही देना होगी। अब चुनावी समय में ये कोलार का एक मुद्दा बन गया है। कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी इस दर को 500 रुपए करने की बात कह रहे हैं।
गौरतलब है कि 50 फीसदी राशि जमा कर कनेक्शन का दावा किया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। लोगों से पूरी राशि जमा कराई जा रही है। कोलार के वार्डस्तर पर इसके लिए शिविर भी लगे, लेकिन राशि अधिक होने से कनेक्शन लेने वालों की संख्या कम रही।
महापौर आलोक शर्मा ने तीन किस्त में राशि जमा कराने का दावा किया था, वह भी अफसर नहीं मान रहे हैं। गौरतलब है कि जिस दर से कनेक्शन दिए जा रहे हैं, वो नर्मदा प्रोजेक्ट के लिए तय की गई थी। कोलारवासियों की मांग है कि केरवा प्रोजेक्ट की लागत के आधार पर नई दर तय की जाए, लेकिन ये नहीं मानी जा रही। 650 वर्गफीट से कम दायरे वाले मकान को कनेक्शन के लिए सात हजार रुपए की राशि देना होगी।
स्थिति ये हैं कि कोलार में अब तक सभी घरों में कनेक्शन नहीं हो पाए, जबकि इस धीमी गति से महापौर आलोक शर्मा नाराज हुए थे और नल कनेक्शन देने निजी प्लम्बरों की सेवाएं भी लेने की बात कही थी। नल कनेक्शन फीस में किस्तों की सुविधा 650 वर्गफीट से छोटे आकार के भूखण्ड धारकों एवं झुग्गीवासियों को भी देने की बात थी, लेकिन सहमति नहीं मिल पा रही है।
कोलार क्षेत्र में अधिकांशत: रिटायर्ड एवं मध्यम व गरीब परिवार के लोग निवास करते हैं और उन्हें एक मुश्त कनेक्शन फीस जमा करने में कठिनाई हो रही है।
गौरतलब है कि केरवा बांध आधारित जलप्रदाय परियोजना के तहत कोलार क्षेत्र में लगभग 08 हजार नल कनेक्शन दिया जाना प्रस्तावित है, जिसमें से वर्तमान में 2200 कनेक्शन दिए जा चुके हैं।