
Dog Licking Ice Block: आप राजधानी के होटल-रेस्टोरेंट और सड़क किनारे ठेलों पर गर्मी से राहत के लिए जो गन्ने का जूस, नींबू पानी, शिकंजी, आम का पना पी रहे हैं। वह सुरक्षित नहीं है। इसमें मिलाए जा रहे बर्फ के टुकड़े गंभीर संक्रमण का शिकार बना सकते हैं। भोपाल में बर्फ फैक्ट्रियों में बनाई जा रही सिल्लियों का रखरखाव बेहद गंदा है।
बीते दिन काजी कैंप में डिपो में बेतरतीब रखे बर्फ की सिल्ली चाटकर आवारा कुत्ते प्यास बुझाते दिखे। डिपो संचालक राहुल व राजा साहू बर्फ बेचते रहे, कुत्ते को नहीं भगाया। वीडियो वायरल हुआ तो नगर निगम के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शाहाब खान की टीम ने संचालक पर कार्रवाई की। 200 किलो बर्फ की सिल्ली नाले में फिंकवाई। संचालकों पर 2 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। बता दें कि इस बर्फ का इस्तेमाल मुख्य रूप से गन्ने के रस और शीतल पेय के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
लांबाखेड़ा, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, बैरागढ़ में बर्फ की फैक्ट्री है। शहर में रोज 50 किलो की 300 बर्फ की सिल्लियां बिकती हैं। ठेलों के अलावा बर्फ की सिल्लियां होटल, रेस्टोरेंट, बार में इसे खपाई जा रही है। इस बार निगम ने 300+ फुटकर दुकानों को जूस, जलजीरा बेचने के अस्थायी परमिट दिए हैं। ये सभी दुकानदार बड़ा बाग. नादरा, शाहजहानांबाद, काजी कैंप के फुटकर दुकानदारों से बर्फ खरीद रहे हैं।
खतरनाक बैक्टीरिया संक्रमणः कुत्तों के मुंह व लार में कई तरह के हानिकारक बैक्टीरिया होते हैं। वे इंसानों को बहुत बीमार कर सकते हैं।
कैनोसाइटोफैगाः यह बैक्टीरिया कुत्ते की लार में होता है। इंसान के शरीर में जाने पर बुखार, उल्टी, दस्त, गंभीर संक्रमण खून तक फैल सकता है।
साल्मोनेला और ई-कोलाईः ये बैक्टीरिया पेट में जाकर मरोड़, खूनी दस्त, उल्टी का कारण बनते हैं।
पेट का गंभीर संक्रमणः ठंडी बर्फ में बैक्टीरिया नहीं मरती। इस बर्फ के नींबू पानी में पिघलते ही लोगों को फूड प्वॉइजनिंग हो सकती है।
रैबीजः यह वायरस लार के जरिए खुले घाव (काटने-खरोंचने) पर फैलता है। पेट में जिंदा नहीं रहता। नींबू-पानी पीने वाले के मुंह में छाले हों तो वायरस शरीर में जा सकता है
इस मामले में नगर निगम ने सभी बर्फ व्यापारियों को सख्त हिदायत दी है। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस रद्द करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी होगी। नागरिकों से अपील है कि खुले में रखी दूषित बर्फ दिखे तो निगम के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।