
भोपाल. शहर में शुक्रवार को चंद घंटों में मौसम में नाटकीय बदलाव देखने को मिला। शहर में सुबह की शुरुआत जहां उमस और गर्मी के साथ हुई वहीं दिन चढऩे के साथ अचानक मौसम बदला और काले बादल छाए और बौछारें शुरू हो गईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में धीरे-धीरे शुरू हुई बूंदा-बांदी ने तेज बौछारों का रूप ले लिया और जोरदार बारिश शुरू हो गई। दो घंटे में ही तस्वीर बदल गई, इस दौरान न केवल आधा इंच बरसात हुई बल्कि तापमान में भी तेज गिरावट आई। तीन घंटों के अंदर तापमान सात डिग्री गिर गया।
इससे पहले बीती रात उमस भरी और गर्म रही। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। दिन में पड़ी बौछारों के चलते शाम तक 9.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान भी गुरुवार की अपेक्षा 1.3 डिग्री गिरकर 31.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के उत्तरी पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसके असर कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है वहीं शहर में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
ऐसे गिरा तापमान-
समय- तापमान
सुबह 5.30-23.8
सुबह 8.30- 25.6
सुबह 11.30-31.0
दोपहर 2.30- 24.4
शाम 5.30- 26.6