प्रदेश के कई जिलों में जारी है शीतलहर का प्रकोप, अभी और परेशान करेगी ठंड...।
भोपाल। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 16 जिले शीतलहर की चपेट में है। फिलहाल अभी ठंड से राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में अभी शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है।
प्रदेश में आमतौर पर सबसे ठंडा रहने वाला हिल स्टेशन पचमढ़ी इन दिनों शीतलहर की चपेट में हैं। आलम यह है कि सुबह ओंस की बूंदें जमने लगी हैं। पचमढ़ी में ही ऐसे कुछ स्थान हैं, जहां पारा जीरो डिग्री के करीब पहुंच जाता है। शनिवार को भी सुबह पचमढ़ी में शीतलहर रही। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दो-तीन दिन अभी शीतलहर रहेगी।
शुक्रवार-शनिवार की रात सबसे ठंडी
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोगों को अलाव तापकर समय काटना पड़ रहा है। शुक्रवार-शनिवार की रात भोपाल के लिए सीजन की सबसे सर्द रात रही।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में आने वाले 48 घंटों के दौरान इसी प्रकार ठंड रहेगी। पश्चिमी हिमालय में एक सिस्टम बनने के कारण इसका सीधा असर मध्यप्रदेश में पड़ रहा है। हालांकि दो से तीन दिन बाद तापमान में आंशिक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
एक नजर
-प्रदेश के सभी क्षेत्रों में 2 से लेकर 9 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
भोपाल में 5.2 तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है।
पचमढ़ी हिल स्टेशन पर 2 डिग्री से भी कम तापमान पहुंच गया। यहां पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
यहां भीषण शीतलहर
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह प्रदेश के जबलपुर और सिवनी में भीषण शीतलहर रही।
यहां रही शीत लहर
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के दतिया, सतना, सागर, रीवा, अबगांव, खंडवा, खजुराहो, गुना ग्वालियर, टीकमगढ़, दमोह, भोपाल, बैतूल, उमरिया, राजगढ़, रतलाम में शीतलहर रही।