
भोपाल. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विधानसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश में सर्वे करा रहा है। इसमें जनता से पूछा जा रहा है कि आप भावी मुख्यमंत्री के रूप में किस नेता को देखना पसंद करते हैं। इस सवाल के विकल्पों में से एक को चुनना है। विकल्प में शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय, कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अजय सिंह के नाम हैं। सर्वेयरों को दो पेज का एक फॉर्मेट दिया गया है, जिसमें १७ सवाल हैं। गोपनीय तरीके से हो रहा यह सर्वे पूरे प्रदेश में कराया जाएगा।
प्रदेश की 15 विधानसभा सीटों पर सर्वे
ये सर्वे फिलहाल 15 विधानसभा क्षेत्रों में कराया जा रहा है। इनमें महाकौशल, मालवा और मध्यभारत प्रांत की पांच-पांच सीटें शामिल हैं। हर विधानसभा सीट पर 2000 लोगों से संपर्क किया जा रहा है। ये लोग अलग-अलग वर्ग, आयु और व्यवसाय से ताल्लुक रखते हैं। इसमें किसान, बेरोजगार और महिलाओं को भी शामिल किया गया है। सर्वे में संघ की संस्थाओं से जुड़े लोगों को लगाया गया है।
विधायक से जुड़े सवाल भी
स र्वे में यह भी पूछा जा रहा है कि आपके विधायक की कार्यशैली कैसी है? क्या आप उससे संतुष्ट हैं? सरकार की कौन सी योजना सबसे अच्छी है? इसमें लाड़ली लक्ष्मी, तीर्थदर्शन, स स्ता राशन, हर व्यक्ति को आवास, दीनदयाल उपचार और अन्नपूर्णा योजना शामिल है। वर्तमान सरकार किस वर्ग को ज्यादा महत्व देती है, इसमें किसान, व्यापारी, युवा, महिला और कर्मचारी शामिल हैं। यह भी पूछा गया है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सड़क, बिजली, परिवहन, कृषि, जल, रोजगार जैसे क्षेत्रों में कितना सुचारू काम हुआ है। आने वाले विधानसभा चुनाव में किसे महत्वपूर्ण मुद्दा मानते हैं कृषि, बेरोजगारी, आरक्षण, महिला सुरक्षा, जीएसटी, स्वास्थ्य, आतंकवाद, नोटबंदी या गरीबी।
इन मुद्दों पर पर भी मांगी राय
एससी, एसटी निवारण कानून पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, पदोन्नति में आरक्षण पर रोक लगाने संबंधी कोर्ट का फैसला और रिटायरमेंट की आयु सीमा बढ़ाना सही है या गलत। दलितों का हितैषी दल कौन सा है और कौन सा दल सुशासन दे सकता है? किस विचारधारा को उपयुक्त मानते हैं, जिसके विकल्प संघ, वामपंथ, समाजवाद, कांग्रेस या दलित हैं।
किसका कार्यकाल सबसे बेहतर
सर्वे में ये सवाल भी पूछा गया है कि मध्यप्रदेश के इतिहास में आप सबसे बेहतर मुख्यमंत्री किसे मानते हैं। इसके विकल्प में शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती, बाबूलाल गौर, दिग्विजय सिंह और अर्जुन सिंह के नाम शामिल हैं। लोगों से क्षेत्र, राज्य और देश की वर्तमान परिस्थिति से संतुष्टि या असंतुष्टि के बारे में भी पूछा जा रहा है।
संघ देशहित की विचारधारा पर काम करने वाला संगठन है। वह लोगों का जीवन स्तर ऊंचा करने के लिए कई तरह के रचनात्मक काम करता है। इनमें अलग-अलग सर्वे भी शामिल हैं।
- अजय प्रताप सिंह, भाजपा कार्यालय प्रभारी और सांसद