
बीकानेर. प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में प्रवेश आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र कॉलेज में प्रवेश के लिए पांच दिन तक और आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के संयुक्त निदेशक ने पत्र जारी किया है। पहले आवेदन की तिथि २० जून थी, अब आवेदन की तिथि २५ जून तक बढ़ा दी गई है।
विभाग ने सर्वर में गड़बड़ी के चलते आवेदन जमा होने की गति धीमी होने से यह तिथि बढ़ाई है। शहर के डूंगर कॉलेज व एमएस कॉलेज में प्रवेश लेने वाले छात्रों को ई-मित्र से आवेदन करना होगा और कॉलेज में सत्यापन के लिए आना होगा। इसके लिए कॉलेजों में एक कमेटी गठित कर हेल्प डेस्क शुरू की गई है।
यह रहेगा कार्यक्रम
महाविद्यालय की ओर से आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन २६ जून तक, अंतरिम वरीयता सूची व प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन २७ जून को, अभ्यार्थी मूल प्रमाण पत्रों की जांच ४ जुलाई तक करवा सकेंगे, अभ्यर्थी ई-मित्र कियोस्क पर पांच जुलाई को शुल्क जमा करा सकेंगे, प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची का प्रकाशन छह जुलाई को, ७ जुलाई को महाविद्यालय का शिक्षण कार्य शुरू तथा श्रेणीवार रिक्त स्थानों के लिए पुन: ऑनलाइन आवेदन भी शुरू, श्रेणीवार रिक्त स्थानों के लिए पुन: ऑनलाइन आवेदन १३ जुलाई तक कर सकेंगे। प्राप्त आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन १४ जुलाई तक होगा। १५ जुलाई को रिक्त स्थानों के लिए अंतरिम वरीयता सूची का प्रकाशन, १९ जुलाई अभ्यार्थियों के मूल प्रमाण पत्रों की जांच की अंतिम तिथि, अभ्यर्थी ई-मित्र कियोस्क पर २० जुलाई तक शुल्क जमा करा सकेंगे, प्रवेशित अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन २१ जुलाई को होगा।
अध्यापकों के कार्यग्रहण की अवधि बढ़ी
वरिष्ठ अध्यापकों एवं तृतीय श्रेणी अध्यापकों के कार्यग्रहण की अवधि बढ़ाई गई है। इसको लेकर बुधवार को माध्यमिक शिक्षा के संयुक्त निदेशक ने आदेश जारी किया। आदेश में वरिष्ठ अध्यापकों के अंतर मण्डल स्थानांतरण में कार्यग्रहण की तिथि २० जून के स्थान पर २७ जून कर दी गई है।