
बीकानेर. जेएनवीसी पुलिस ने सोमवार शाम एक बीयर बार व होटल में छापा मारकर जुआ खेल रहे सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हजारों रुपए बरामद किए गए हैं। सीआई मनोज माचरा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाम को होटल पेसिफिक में दबिश दी गई।
यहां से खालिद अहमद, इंसाफ अली, मोहम्मद साबिर भिस्ती, वसीम अकरम, आसिफ अली, सदाम हुसैन व शाहरुख खान को जुआ खेलते पकड़ा। आरोपितों के पास से ३२ हजार ५० रुपए बरामद किए गए। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक मंगुराम, हैडकांस्टेबल रामदेव, कांस्टेबल अनिल कयाल, कपिल, नंदराम, अशोक कुमार व हरेन्द्रसिंह शामिल थे।
करंट लगने से युवक की मौत
बीकानेर. घर की सफाई के दौरान एक युवक को करंट लग गया। परिजन उसे पीबीएम अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि बंगलानगर निवासी मंगतुराम (१७) पुत्र भगवानाराम कुम्हार सोमवार को घर में सफाई कार्य कर रहा था। तभी करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक अपनी चार बहिनों में इकलौता भाई था।