बीकानेर

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी देंगे जिले को सड़कों की बड़ी सौगात

भारतमाला परियोजना के तहत सड़क का शिलान्यास करने २८ को आएंगे बीकानेर
less than 1 minute read
bhartmala yojna
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी देंगे जिले को सड़कों की बड़ी सौगात

बीकानेर. केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी २८ जनवरी को बीकानेर आएंगे। वे यहां पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में भारतमाला परियोजना के तहत करीब सवा तीन सौ किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। वे सबसे खस्ता हालत वाले कोलायत क्षेत्र को सड़क की बड़ी सौगात भी दे सकते हैं। इसका संकेत शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पत्रकारों से बातचीत में भी दिया। कोलायत क्षेत्र में जज्जू फांटा से दासुड़ी तक ८२ किलोमीटर सड़़क मार्ग की हालत बहुत ज्यादा खस्ता है। इसी तरह कोलायत के सांखला फांटा से बज्जू तक करीब ४५ किलोमीटर सड़क मार्ग भी जीर्ण-शीर्ण हालत में है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की बीकानेर इकाई से राजमार्ग मंत्रालय ने दोनों टुकड़ों की डीपीआर मांगी थी। ये दोनों टुकड़े भारतमाला और नेशनल हाइवे को जोडऩे वाले हैं। एेसे में सड़क परिवहन मंत्रालय इन सड़कों को नेशनल हाइवे घोषित कर क्षेत्र की सड़क की बड़ी परेशान से निजात दिला सकता है। इन मार्गों पर सांसद आदर्श ग्राम बीकमपुर और कोलायत विधायक भंवरसिंह भाटी का पैतृक गांव हदां भी है।

सुदृढ़ होगा सड़क तंत्र
कोलायत के जज्जू से बाला, हदां, चिखनीया होते हुए दासुड़ी तक सड़क व सांखला फांटा से बज्जू तक सड़क मार्ग को केन्द्रीय मंत्री नेशनल हाइवे घोषित कर सम्पर्क सड़कों के तंत्र को भी मजबूत कर सकते हैं। इससे इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तीसरे फेज मोहनगढ़-नाचणा तक क्षेत्र हाइवे से जुड़ जाएगा। सांखला फांटा से बज्जू तक के मार्ग को एनएच ११ फेज द्वितीय घोषित करने पर इसका एक सिरा हाइवे से जुड़ जाएगा, वहीं दूसरा सिरा भारतमाला परियोजना से जुड़ जाएगा।

Published on:
26 Jan 2019 11:50 am