
बीकानेर.नगर निगम (NAGAR NIGAM) का प्रतिबंधित पॉलीथिन के विरुद्ध अभियान जारी है। रविवार को एक निजी बस में 34 कट्टों में भरी करीब नौ क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथिन को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम रोड पर जब्त किया गया। नगर निगम (NAGAR NIGAM) स्वास्थ्य अधिकारी साहबराम ताखर ने बताया कि अहमदाबाद से बीकानेर (BIKANER) आ रही एक निजी बस में प्रतिबंधित पॉलीथिन से भरे कट्टे आने की सूचना मिली। इस पर नगर निगम के दल ने करणी सिंह स्टेडियम रोड पर अहमदाबाद से आई राजस्थान लोक परिवहन सेवा की बस में से प्रतिबंधित पॉलीथिन से 34 कट्टे जब्त कर लिए। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद से आई बस में उतार कर प्रतिबंधित पॉलीथिन के कट्टे श्रीगंगानगर जाने वाली बस में रखा जा रहा था।
नगर निगम का दल जुटा जांच में
नौ क्विंटल प्रतिबंधित पॉलीथिन को जब्त करने के बाद निगम जांच में जुट गया है। स्वास्थ्य अधिकारी साहबराम ताखर ने बताया कि पॉलीथिन की जब्ती के दौरान पॉलीथिन से संबंधित किसी प्रकार के कागजात नहीं मिले है। पता लगाया जा रहा है कि इस पॉलीथिन को कहां से और किसको भेजी गई। पॉलीथिन जब्त करने वाले नगर निगम के दल में विक्रम कुमार, सुनील चांवरिया, शिव शंकर चांवरिया, सुभाष चन्द्र, अमित तेजी, कमल चांवरिया, कपिल जैदिया, सुनील जावा आदि शामिल रहे।