बीकानेर

बीकानेर: 3 बहनों के बाद अब भाई-बहन की डिग्गी में डूबने से मौत, 4 दिन में सात लोगों की मौत

राजस्थान में खुली डिग्गियां लगातार मासूम जिंदगियां निगल रही हैं, लेकिन जिम्मेदार तंत्र अब भी चेतने को तैयार नहीं है। बीकानेर जिले में पिछले चार दिन में डिग्गी में डूबने से 7 लोगों की मौत हो चुकी है।

2 min read
May 21, 2026
फोटो...डिग्गी जिसमे घटना हुई।

Bikaner News: बीकानेर। बज्जू क्षेत्र में खुली डिग्गियां लगातार मासूम जिंदगियां निगल रही हैं, लेकिन जिम्मेदार तंत्र अब भी चेतने को तैयार नहीं है। मोडिया गांव में पानी पीने के दौरान डिग्गी में डूबने से रिश्ते में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। बकरियां चराने गए दोनों मासूमों के शव घंटों बाद पानी में तैरते मिले तो गांव में चीख-पुकार मच गई। कुछ दिन पहले ग्रान्धी में तीन बहनों की मौत के बाद भी सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वकीला पुत्री हसन खां (10) तथा यूनुस पुत्र शौकत खां (6) बुधवार को घर से बकरियां चराने के लिए निकले थे। दोपहर करीब एक बजे प्यास लगने पर दोनों पास स्थित डिग्गी के पास पहुंचे। इस दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दूसरे बच्चे ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी डूब गया।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Vehicle Theft: कुख्यात दुपहिया वाहन चोर गिरफ्तार, जोधपुर-अजमेर समेत कई जिलों से बाइक चुराता था पावणा

देर शाम तलाश में हुआ हादसे का खुलासा

दोनों बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बकरियां तो मिल गईं, लेकिन बच्चे नजर नहीं आए। बाद में डिग्गी में देखने पर यूनुस का शव पानी पर तैरता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तैराक की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला और दंतोर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ईद मनाने ननिहाल आया था यूनुस

ग्रामीणों के अनुसार यूनुस अपने ननिहाल मोडिया गांव आया हुआ था। आगामी ईद पर्व को देखते हुए परिवार ने उसे ननिहाल में ही रुकने के लिए बुलाया था, लेकिन त्योहार से पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

कुछ दिन पहले ग्रान्धी में गई थीं 3 बहनों की जान

बज्जू क्षेत्र में डिग्गियों में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले चार दिन में ही डिग्गी में डूबने से 7 लोगों की मौत हो चकुी है। कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत ग्रान्धी की रोही में भी डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत हो गई थी। उस घटना में भी बच्चियां काफी देर तक लापता रहीं और बाद में डिग्गी में उनके शव मिले थे। इसके अलावा पूगल क्षेत्र में नानी और दोहिते की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई थी।

पत्रिका व्यू : सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रहे हादसों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में खुली डिग्गियों के आसपास चारदीवारी, जालियां और चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है। इसकी प्रशासन से सख्ती से पालना करानी होगी। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

ये भी पढ़ें

शेखावाटी समाचार: 500 रुपए में मिलने वाले पट्टे के देने पड़ रहे 500 रुपए प्रति वर्ग गज, 15 गांवों को अलग करने की मांग
Published on:
21 May 2026 04:56 pm
Also Read
View All