
बीकानेर। बीकानेर जिले में स्थित गैंगस्टर रोहित गोदारा के मकान को रात में अज्ञात लोगों ने ढहा दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने आलीशान मकान को मलबे में तब्दील देखा, तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलने पर सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मकान किसने और किन कारणों से ध्वस्त किया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
बताया जा रहा है कि देर रात रोहित गोदारा के घर पर कुछ अज्ञात लोग एक जेसीबी मशीन और कुछ अन्य वाहन पहुंचे थे। इसके बाद मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। घटना के समय गैंगस्टर रोहित गोदारा के परिवार का कोई भी सदस्य घर पर नहीं था। सुबह जब आस-पास के लोगों की नजर टूटे हुए मकान पर पड़ी, तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलने पर सुबह लूणकरनसर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में किसी भी आधिकारिक कार्रवाई से इनकार किया है।
लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया कि मकान रात के समय अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ा गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आखिर पुलिस-प्रशासन की बिना अनुमति के इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम किसने और किसके इशारे पर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।