बीकानेर

नाले से बाधा हटाने पर मचा हंगामा, देखिये वीडियो

पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।
2 min read
Ruckus
Ruckus

बीकानेर. शहर में बारिश के बाद जगह-जगह नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं और पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। पुरानी गिन्नाणी में शनिवार को बारिश के बाद सड़क पानी से लबालब हो गई। माताजी मंदिर के पास नाले में अवरोध के चलते क्षेत्र में पानी जमा हो गया। इस पर नाले से अवरोध हटाने को लेकर शनिवार रात हंगामा हो गया।

नगर निगम का दस्ता अवरोध हटाने पहुंचा तो मोहल्ले के लोग दो पक्षों में बंट गए। एक पक्ष अवरोध हटवाना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष अवरोध हटाने से गलियों में गंदा पानी भरने से आशंकित था। विवाद बढऩे पर निगम के उपायुक्त सहित अधिकारी पहुंचे, लेकिन विवाद बढऩे पर पुलिस को बुलाना पड़ा। लम्बी मशक्कत के बाद भी निगम दस्ते को अवरोध हटाए बिना बैरंग लौटना पड़ा।

निगम का दस्ता देर शाम नाले से अवरोध हटाने पहुंचा मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। निगम उपायुक्त ताज मोहम्मद राठौड़ के आगे दोनों ही पक्षों के लोगों ने अवरोध को लेकर समस्याएं रखी। समझाइश और जोर आजमाइश का दौर रात १० बजे तक चला। इसके बाद निगम का दस्ता वापस चला गया। इस दौरान निगम स्वास्थ्य अधिकारी मक्खन लाल आचार्य, स्वास्थ्य निरीक्षक बीडी व्यास, पार्षद आदर्श शर्मा आदि उपस्थित थे।

समस्या अपनी-अपनी
लोगों ने बताया कि नाले का निर्माण कार्य चलने के कारण पानी का बहाव रोकने के लिए नाले में एक स्थान पर अवरोध लगाया है। इससे गिन्नाणी में सड़कों पर नाले का गंदा पानी भर गया है। अवरोध हटाये बिना पानी की निकासी नहीं हो सकती। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने बताया कि अवरोध हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। अवरोध से आगे भी नाला कचरे और गंदगी जाम पड़ा है और पानी बह नहीं रहा। निगम को कई दिन से नाले की सफाई के लिए कह रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।

समाधान का प्रयास
गिन्नाणी क्षेत्र में नाले में लगे अवरोध को हटाने से पानी आगे बढ़ सकेगा। अवरोध को लेकर लोगों में विरोध है। नालों में पानी का बहाव धीमा है। दस्ते को अवरोध हटाए बिना ही भेज दिया। रविवार को इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
ताज मोहम्मद राठौड़, उपायुक्त, नगर निगम बीकानेर

Published on:
01 Jul 2018 09:54 am