बीकानेर

नाबालिग को जेब तरासते रंगे हाथ पकड़ा

bikaner-nokha news: नोखा रेलवे स्टेशन पर वृद्ध की जेब से निकाला पर्स, भीड़ ने पकड़कर सौंपा जीआरपी पुलिस को, दूसरा साथी हुआ फरार, खाली थैले की आड़ लेकर निकालता जेब से पैसे
2 min read
Jul 26, 2019
Pickpocket caught
Pickpocket caught

बीकानेर. नोखा. जिले में इन दिनों नाबालिग बच्चों की एक पर्स चोर गैंग सक्रिय है जो भीड़भाड़ वाले इलाके में में घूमते रहते हैं और जैसे ही मौका मिलता है पर्स चुराकर फरार हो जाते हैं।

इसका खुलासा गुरुवार को नोखा रेलवे स्टेशन पर पकड़े एक नाबालिग से पूछताछ करने पर हुआ। यहां वृद्ध की जेब से एक नाबालिग चोर पर्स निकालकर भागने लगा तो शोर मचाने पर यात्रियों ने उसको पकड़ लिया और उसे स्टेशन अधीक्षक को सौंप दिया।

बाद में रेलवे पुलिस ने पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात में एक अन्य साथी मुकेश के शामिल होने, मौका देखकर उसके भागने, एक व्यक्ति द्वारा शराब पिलाकर चोरी की वारदातें कराने व देशनोक में कुछ लोगों के साथ रहने की जानकारी दी। रेलवे पुलिस नाबालिग को लेकर बीकानेर रवाना हो गई। वहां पर उससे पूछताछ की जाएगी।

नोखा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देापहर जयपुर से सूरतगढ़ जाने वाली पैंसेजर ट्रेन में यात्रा करने के लिए सुरपुरा के वृद्ध राउराम बुकिंग खिड़की पर टिकट ले रहे थे। इसी दौरान एक 14 वर्षीय लड़का उनके पास आया और हाथ में लिए खाली थैले की आड़ लेकर उनकी जेब से पर्स निकालकर भाग गया।

वृद्ध ने शोर मचाना शुरू किया तो प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। इस दौरान एक अन्य साथी भागने में कामयाब हो गया। यात्रियों ने पकड़े गए चोर को स्टेशन अधीक्षक अरुण शर्मा को सौंप दिया। उस वक्त बीकानेर रेलवे थानाधिकारी मूलसिंह राजपूत भी नोखा आए थे।

उन्होंने लड़के से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम सूरज गोसाई और मकराना के बोरावड़ गांव का रहने वाला बताया। वर्तमान में देशनोक में कुछ लोगों के साथ रहने की बात कही। उसकी जेब से १३०० रुपए भी बरामद हुए। पैसों के बारे में पूछने पर कभी प्लास्टिक बर्तन बेचने, तो कभी किसी के द्वारा पैसे देने की बात कह रहा था। उसने पहले कबाड़ चोरी की वारदातें करने की बात भी कही।

संदिग्ध महिलाएं भी आई नजर

बुधवार को नवली गेट के पास कुछ महिलाओं को घूमते देखकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और उनको यहां से चले जाने की बात कही। वे ही महिलाएं गुरुवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर फिर से बैठी दिखाई दी।

4 दिन पहले 70 हजार हुए थे पार
नोखा रेलवे स्टेशन के सामने एसबीआई शाखा के पास नागौर से सब्जी का भुगतान लेने आए एक मुनीम के हाथ से दो युवक थैला छीनकर भाग गए थे। जिसमें उगाही के 70 हजार रुपए थे। वहीं गत दिनों बागड़ी अस्पताल में एक मरीज के परिजन की जेब से पर्स चोरी हो गया था।

Published on:
26 Jul 2019 06:00 am