बीकानेर

बीकानेर: महिला के गले से चेन तोड़ी, पुलिस को देख निगल गया

bikaner news: पुलिस ने करवाया आरोपी का एक्स-रे, चिकित्सकों ने की चेन के पेट में होने की पुष्टि
less than 1 minute read
Aug 21, 2019
Chain broke from woman's neck
Chain broke from woman's neck

बीकानेर. गंगाशहर क्षेत्र में पुरानी लाइन स्थित मुख्य बाजार में मंगलवार को दो युवकों ने एक महिला के गले से चेन तोड़ ली और मौके से भाग गए। बाद में पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके घर पहुंची तो एक आरोपी ने पुलिस को देख सोने की चेन को मुंह में डाल निगल लिया।

यह वाकया देख पुलिस भी एकबारगी हैरान रह गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ उसका ट्रोमा सेन्टर में एक्स-रे करवाया तो चिकित्सकों ने चेन के उसके पेट में होने की पुष्टि की। फिलहाल आरोपी गंगाशहर थाना पुलिस की निगरानी में है।

गंगाशहर थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाजार में घूम रहा एक युवक गंगाशहर निवासी जयश्री डागा के गले से चेन तोड़कर भाग गया। उसके साथ एक अन्य युवक भी था। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना स्तर पर सहायक उप निरीक्षक गिरधारी सिंह, हैड कांस्टेबल सुभाष, कांस्टेबल प्रवीण तथा प्रीतम की टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने मौके से जुटाए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान चौपड़ा बाड़ी निवासी राकेश पुत्र जतन लाल सोनी तथा मैनसर थाना जसरासर के विक्रम पुत्र मदन लाल भार्गव के रूप में की।

राकेश ने पहले भी तोड़ी थी चेन

पहचान करने के बाद पुलिस जब आरोपी राकेश सोनी के घर पहुंची ने राकेश ने चेन को निगल लिया। पुलिस ने आरोपी का ट्रोमा सेन्टर में एक्स-रे करवाया तो वहां के चिकित्सकों ने चेन के पेट में होने की बात कही। पुलिस ने राकेश और विक्रम को हिरासत में ले लिया है। इनमें से राकेश पूर्व में भी चेन तोडऩे के आरोप में व्यास कॉलोनी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है।

Published on:
21 Aug 2019 06:00 am