
बीकानेर. मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा की शुरुआत में बीकानेर जिले के हर विधानसभा क्षेत्र से पांच सौ-पांच सौ कार्यकर्ता ३ अगस्त को बीकानेर से चारभुजा जाएंगे। वहां से ४ अगस्त को यह यात्रा शुरू होगी। इसके लिए रविवार को संभाग स्तरीय बैठक में भाजपा पदाधिकारियों को उनके जिले एवं विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई। बीकानेर संभाग में यात्रा दो सितंबर को शुरू होगी और सात सितंबर को बीकानेर जिले में पहुंचेगी। मुख्यमंत्री बीकानेर जिले में चार जनसभाएं करेंगी। इनमें वे हेलीकाप्टर से की जाएंगी।
भाजपा बीकानेर देहात अध्यक्ष सहीराम दुसाद के जिम्मे पांच विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को चारभुजा ले जाना है। वहीं शहरी क्षेत्र के दो विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी शहर अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य को दी गई है। इस सम्बन्ध में शहरी क्षेत्र में सोमवार को बैठक कर कार्य योजना बनाई जाएगी। वहीं देहात में इसके लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
संभाग में दो सितंबर को चूरू से प्रवेश
बीकानेर संभाग में राजस्थान गौरव यात्रा २ सितंबर को चूरू से प्रवेश करेगी। वहां विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए ४ सितंबर को हनुमानगढ़ और ५ सितंबर को श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इन जिलों में जनसभाएं एवं विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सात सितम्बर को यह यात्रा बीकानेर पहुंचेगी।
यहां मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से पूगल, लूणकरनसर, श्रीकोलायत एवं रात्रि में बीकानेर जाकर जनसभाओं को संबोधित करेंगी। इससे पहले हर विधानसभा क्षेत्र में वृहद सम्मेलन होंगे। सभी मोर्चा पदाधिकारियों और लाभार्थी योजनाओं को लेकर सम्मेलन होंगे। कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सक्रिय किया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्रों में घरों में भाजपा के झण्डे लगाए जाएंगे।
गौरव यात्रा व संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा
बीकानेर. संभाग के भाजपा सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की संभाग स्तरीय बैठक रविवार को श्रीगंगानगर में प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना की मौजूदगी हुई। बैठक में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। बैठक में बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य एवं देहात अध्यक्ष सहीराम दुसाद भी उपस्थित रहे।
बनाई कार्ययोजना : युवा, ओबीसी व महिला मोर्चा सहित अन्य मोर्चा के सम्मेलन आयोजित कर यात्रा के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना बनाई गई।संभाग बैठक में बीकानेर से मोहन सुराणा, दाऊलाल हर्ष, पाबूदानसिंह राठौड़, नारायण चौपड़ा, डॉ. मीना आसोपा, अखिलेश प्रताप, अविनाश जोशी, मुमताज भाटी, नन्दकिशोर सोंलकी, विजय आचार्य आदि शामिल हुए। कुन्दन सोनी, मधुरिमा सिंह, किसन चौधरी, असदर भाटी, विक्रम सिंह भाटी आदि उपस्थित रहे।