
बीकानेर. शहर में निराश्रित पशुओं के साथ आवारा श्वान भी परेशानी का सबब बने हुए हैं । रात होते ही आवारा श्वान सड़कों पर धमा-चौकड़ी शुरू कर देते हैं और राहगीर डर के साये में निकलते हैं । पांच दिन पहले पीबीएम अस्पताल के एक रेजीडेंट डॉक्टर भी श्वानों के हमले में गंभीर घायल हो गए ।
जानकारी के अनुसार पीबीएम अस्पताल में यूरोलॉजी विभाग के रेजीडेंट डॉक्टर भैरूसिंह 25 जुलाई की रात को ड्यूटी पर थे। वे रात करीब साढ़े नौ बजे मेडिकल कॉलेज चौराहे पास मैस में खाना खाने गए। तभी हॉस्टल में आवारा श्वानों ने उन्हें घेर लिया। श्वानों ने उनके पैर, हाथ, गर्दन और पीठ पर काट लिया। इससे वे गंभीर घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने हॉस्टल के लोगों के साथ डॉक्टर को श्वानों से बचाया और पीबीएम के ट्रोमा सेंटर ले गए। वहां उपचार के रेजीडेंट डॉक्टर के स्वास्थ्य में अब सुधार है।
शराब पिलाकर मारपीट
नयाशहर थाने में रविवार को एक व्यक्ति ने चार-पांच जनों पर शराब पिलाकर मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कराया। रामपुरा
बस्ती निवासी विनोद नायक ने रिपोर्ट में बताया कि २७ जुलाई की दोपहर में पप्पुसिंह, बाबूसिंह, राजूसिंह व तीन-चार अन्य उसके घर आए। उसे साथ ले जाकर शराब पिलाई और मारपीट की। बेहोशी की हालत में मरा समझकर आरोपित उसे छोड़कर भाग गए। बाद में परिजन उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
आवारा कुत्तों ने हिरण को घायल किया
पिथरासर. यहां रविवार को आवारा कुत्तों से हिरण को बचाया। गांव के ओमप्रकाश भादू, सुभाष हरडू, विष्णु धायल, राकेश धायल ने सूचना दी। विष्णु धायल ने बताया बीकानेर वन विभाग को फोन पर सूचना दी कि पिथरासर गांव में आवारा कुत्तों ने हिरण के पैर को काटकर घायल कर दिया है। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंचकर घायल हिरण को बीकानेर ले गए।