
बीकानेर. नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती कम्प्यूटर के माध्यम से निकाली जाने वाली लॉटरी से होगी। यह लॉटरी २५ से २९ जून तक निकाली जाएगी। सबसे पहले अनुसूचित जाति वर्ग की लॉटरी निकलेगी। इसके बाद अनुसूचित जनजाति फिर अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और आखिर में सामान्य अभ्यर्थियों की लॉटरी निकाली जाएगी। विशेष रूप से तैयार किए जा रहे सॉफ्टवेयर से लॉटरी जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में निकाली जाएगी। सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर स्वायत शासन विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
३० प्रतिशत पद महिलाओं के लिए
सफाई कर्मचारी भर्ती में विभिन्न वर्ग के लिए आरक्षित पदों में से ३० प्रतिशत पद उसी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगे। इसमें २० प्रतिशत संबंधित वर्ग की सामान्य महिला, आठ प्रतिशत विधवा और दो प्रतिशत परित्यक्ता महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।
ऐसे निकलेगी लॉटरी
स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों के अनुसार सफाई कर्मचारी भर्ती में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के आवेदकों की लॉटरी पहले निकाली जाएगी। लॉटरी में चयनित अभ्यर्थियों के बाद इन वर्र्गो के शेष आवेदनों को सामान्य वर्ग की लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
जांच दल प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस
बीकानेर . सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन पत्रों की जांच में ढिलाई को लेकर आयुक्त ने जांच दल प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निगम आयुक्त प्रदीप के गावंडे ने जांच दल प्रभारी अभिषेक गहलोत, जगमोहन हर्ष, अशोक कुमार तथा अल्का बुरड़क को जारी नोटिस में आवेदन-पत्रों की जांच के कार्य में असंतोषजनक प्रगति पर ३१ मई तक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
जांच की धीमी गति
सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर आवेदन-पत्रों की जांच धीमी गति से चल रही है। जांच दल में शामिल अधिकारियों की मानें तो आवेदनों के साथ संलग्न दस्तावेजों सहित चैक लिस्ट में चाही गई सूचना भरने में समय लग रहा है। बताया जा रहा है कि १०,२५५ आवेदन-पत्रों में से अभी तक करीब डेढ़ हजार आवेदन-पत्रों की जांच हो पाई है। वहीं स्वायत्त शासन विभाग की ओर से गठित जांच कमेटी ने भी आवेदनों की जांच शुरू नहीं की है।