बीकानेर

अब शिकारियों पर कसेगी नकेल, पुलिस से मांगी मदद

जिले में वन्यजीवों के शिकार की बढ़ती घटनाओं ने वन विभाग की नींद उड़ा रखी है। विभाग के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने से शिकारी अधिक सक्रिय हो गए हैं।
2 min read
Forest department
Forest department

बीकानेर. जिले में वन्यजीवों के शिकार की बढ़ती घटनाओं ने वन विभाग की नींद उड़ा रखी है। विभाग के पास पर्याप्त संसाधन नहीं होने से शिकारी अधिक सक्रिय हो गए हैं। खासकर चिंकारा हिरण शिकारियों के निशाने पर है। आए दिन शिकार की घटनाओं से चिन्तित वन विभाग प्रशासन ने शिकारियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस से मदद मांगी है। इसके लिए विभाग ने पुलिस महानिरीक्षक को पत्र लिखा है।

विभाग ने पुलिस महानिरीक्षक से कहा है कि दो अगस्त को विश्वविद्यालय में छत पर हिरण के अवशेष मिले थे, वहीं आठ अगस्त को बापेऊ क्षेत्र में चिंकारा हिरण शिकार की दो घटनाएं हुई थी। एेसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं।
उप वन संरक्षक की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि चिंकारा के शिकार के लिए अवैध हथियारों का उपयोग किया जा रहा है। इन पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। साथ ही जो लोग लाइसेंसशुदा हथियार का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके हथियार जब्त किए जाएं।

यहां सबसे अधिक
वन विभाग के अनुसार संभाग में शिकार की सबसे अधिक घटनाएं बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़, लूणकनसर, नोखा, कोलायत क्षेत्र में हो रही हैं। इसके अलावा श्रीगंगानगर जिले के रायसिंह नगर, सूरतगढ़, चूरू जिले के साण्डवा थना क्षेत्र एवं हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में शिकार की घटनाएं होती रहती हैं।

मांगी है मदद
शिकार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की मदद मांगी है। इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक को पत्र लिखा है। पुलिस के सहयोग से ही अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
जयदीप सिंह राठौड़, उप वन संरक्षक (वन्य जीव), बीकानेर

आठ बीघा में बने स्टेडियम का लोकार्पण आज

श्रीकोलायत. उपखण्ड के खारी चारणान गांव में खारी सहित निकटवर्ती गांवों की खेल प्रतिभाओं की खेल मैदान के अभाव में आगे नहीं आने की कमी सोमवार को पूरी हो जाएगी। गांव में आठ बीघा भूमि बना खेल स्टेडियम लोकार्पण के साथ सार्वजनिक खेल प्रतिभाओं को सुपुर्द कर दिया जाएगा। खारी चारणान गांव में आठ बीघा में बने रूपाराम गेधर स्टेडियम का लोकार्पण सोमवार को शिवबाड़ी महंत सोमगिरि द्वारा किया जाएगा।

करणाराम गेधर ने बताया कि खारी व निकटवर्ती गांवों सुरजड़ा, गंगापुरा आदि गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक क्षेत्र का नाम रोशन कराने के उद्देश्य से खारी सरपंच हरुराम गेधर ने ८ बीघा जमीन खरीद कर उसे ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया। उक्त भूमि में पिता के नाम से स्टेडियम का निर्माण करवाया। ओम गेधर ने बताया कि लोकार्पण के अवसर पर एक क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया जाएगा।

Published on:
27 Aug 2018 10:37 am