बीकानेर

कांग्रेस की टिकट के लिए दिल्ली में डटे दावेदारों से मिले अशोक गहलोत

दिल्ली में अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर दो दिन से डेरा डाले जिले के कांग्रेसी नेताओं को बुधवार दोपहर राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने में सफलता मिली।
2 min read
ashok gehlot
Former Chief Minister Ashok Gehlot

बीकानेर. दिल्ली में अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर दो दिन से डेरा डाले जिले के कांग्रेसी नेताओं को बुधवार दोपहर राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने में सफलता मिली। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय में मीटिंग के बाद दोपहर १२ बजे से २.३० बजे के बीच गहलोत ने एक-एक कर टिकट के सभी दावेदारों से मुलाकात की। इससे पहले मंगलवार देर रात पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों ने राजस्थान हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

जानकारी के अनुसार बीकानेर जिले की सभी विधानसभा सीटों से कांग्रेस की टिकट मांगने बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे हुए है। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे के संबंध में दिल्ली गए हुए थे। पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल, पूर्व संसदीय सचिव गोविन्द राम मेघवाल ने रात को ही राजस्थान हाउस में गहलोत से मुलाकात की।

बुधवार दोपहर में गहलोत से मिलने वालों में महिला जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़, राजकुमार किराडू, मंगलाराम, खाजूवाला के सांगीलाल, लूणकरनसर के राजेन्द्र मूंड, बीकानेर के गोपाल गहलोत व कौशल दुग्गड़ आदि थे। जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, प्रदेश सचिव जियाउर रहमान सहित कई अन्य नेता भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे हुए है।

बीकानेर में राहुल गांधी की संभाग स्तरीय रैली तय
बीकानेर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की १० अक्टूबर को संभाग स्तरीय रैली और जनसभा बीकानेर में करनी तय की गई है। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट से राय के बाद बुधवार को संभाग स्तरीय चुनावी सभा के कार्यक्रम को लगभग तय माना जा रहा है। इसी के साथ ९ अक्टूबर को नोखा विधानसभा के मुकाम में और ११ को चूरू के सालासर में राहुल गांधी के दर्शनार्थ जाने के कार्यक्रम को विचारणार्थ लम्बित रखा गया है। जिस पर अगले कुछ दिन में निर्णय लिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने भी संभाग के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को राहुल गांधी की संभाग स्तरीय रैली की तैयारी के लिए बुधवार को सूचना कर दी। इसी के साथ भीड़ जुटाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठकें करने के लिए
कहा गया है। बीकानेर संभाग में कांग्रेस की पहली बड़ी संभाग स्तरीय चुनावी सभा होने जा रही है। एेसे में पार्टी इसमें बड़ी तादाद में भीड़ जुटाकर प्रदेश में बड़ा संदेश देने की तैयारी में है।

Updated on:
27 Sept 2018 08:23 am
Published on:
27 Sept 2018 08:23 am