बीकानेर

Bikaner Crime: होटल के बंद कमरे में धड़ाधड़ छप रहे थे 500-500 के नकली नोट, पुलिस पहुंची तो खुल गया बड़ा खेल

Bikaner Fake Currency Gang: बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में हाईवे किनारे एक होटल के कमरे में नकली नोट छापने का बड़ा खेल चल रहा था। पुलिस ने दबिश देकर 500-500 रुपए के 156 नकली नोट, प्रिंटर और अन्य उपकरण जब्त कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
May 21, 2026
Bikaner fake currency gang
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नकली करेंसी छापने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित एक होटल में दबिश देकर 500-500 रुपए के 156 नकली नोट बरामद किए हैं। जब्त नकली करेंसी की कुल कीमत 78 हजार रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

यह वीडियो भी देखें

बड़ी संख्या में नकली नोट मिले

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि हेमासर फांटे के पास स्थित एक होटल के कमरे में प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में दबिश दी। मौके पर पुलिस को बड़ी संख्या में नकली नोट मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी 500-500 रुपए के नोटों की प्रिंटिंग कर उन्हें असली जैसा बनाने की कोशिश कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक सहित हेमासर और पुंदलसर के चार युवकों को गिरफ्तार किया।

दो प्रिंटर सहित अन्य सामग्री जब्त

मौके से दो प्रिंटर, कट्टर मशीन, चमकीली टेप और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने होटल के कमरे में ही जब्ती की फर्द तैयार की और मामले में कोटगेट थाने में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन में की गई। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में एसआई पवन कुमार शर्मा की टीम ने दबिश देकर यह कार्रवाई की। कांस्टेबल पुनीत कुमार की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कैलाश और अशोक भी शामिल रहे।

आरोपियों से गहन पूछताछ जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से नकली करेंसी तैयार कर बाजार में खपा रहा था। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी नकली नोट कहां-कहां चलाते थे और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली करेंसी केवल बीकानेर जिले में खपाई जा रही थी या फिर दूसरे जिलों में भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा था।

Updated on:
21 May 2026 09:50 pm
Published on:
21 May 2026 09:50 pm