बीकानेर

आज से जनता क्लिनिक भी एक पारी में होगी संचालित

जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए एसपी मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल प्रशासन बड़ेस्तर पर व्यवस्थाएं करने में जुटा है।
2 min read
आज से जनता क्लिनिक भी एक पारी में होगी संचालित
आज से जनता क्लिनिक भी एक पारी में होगी संचालित

बीकानेर। जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए एसपी मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल प्रशासन बड़ेस्तर पर व्यवस्थाएं करने में जुटा है। अब तक दो बड़ी धर्मशालाओं को कोरोनटाइन आइसोलेशन वार्ड में बदला जा चुका है। अब तक एसपी मेडिकल कॉलेज में बनी लैब में 27 व्यक्तियों की आशंका के चलते कोरोना वायरस संक्रमण की जांच कराई जा चुकी है, जिसमें से २६ नेगेटिव आ चुकी है। एक की रिपोर्ट आनी शेष है।

अब तक जिलेभर में पौने दो सौ लोगों को होम आइसोलेशन कराया जा चुका है। पीबीएम व जिला अस्पताल के बाद अब राज्य सरकार ने जनता क्लिनिक को भी आगामी आदेश तक के लिए एक पारी में संचालित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहरभर में करीब २५ स्थानों से दूसरे जिलों व राज्यों से आए लोगों की सूचना पर घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की। सीएमएचओ डॉ. बीएल मीणा ने आमजन से अपील की है कि वे घरों में रहे, बाहर निकले तो मास्क का जरूर उपयोग करें। लापरवाही बरती तो बड़ा खमियाजा भुगतना होगा।

घरों के आगे लगाया नोटिस
शहरी डिस्पेंसरी नंबर चार की ओर से शहर में घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही थी। इस दरम्यिान एक में चार जनों के केरला से आने की सूचना मिली। स्वास्थ्य अधिकारी नर्स ग्रेड प्रथम श्रवणकुमार वर्मा, सुनील स्वामी, यासीन अली, सीताराम प्रजापत, एएनएम सुमन टाक व कांता गहलोत उनके घर पहुंचे। उन्होंने सभी व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की तथा उन्हें होम आइसोलेशन की हिदायत दी। बाद में उन्होंने उस घर के आगे नोटिस चस्पा किया। वहीं शहर के गंगाशहर, पूगल रोड, सर्वोदय बस्ती, विवेकनगर, जेएनवीसी, बड़ा बाजार क्षेत्र सहित अनेक जगहों पर दूसरे राज्यों से बीकानेर आए लोगों की सूचना मिलने पर उन्हें घर से लाकर पीबीएम में स्क्रीनिंग कराई।

स्वास्थ्य विभाग की अब तक की कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के एपिडियोमॉलोजिस्ट नीलम प्रतापसिंह ने बताया कि अब तक ९६ हजार १९८ घरों का सर्वे कर तीन लाख ३५ हजार ३६५ लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जिसमें से ९ हजार ४२४ लोग सामान्य सर्दी जुकाम से पीडि़त पाए गए। १६७ लोगों को संदिग्ध के चलते अस्पताल भेजा। २१ लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। १०३ लोगों होम आइसालेशन कराया गया है। ६० से अधिक लोग होमआइसोलेशन से स्वस्थ होकर बाहर आ चुके हैंं।

१०८ के नरेश को बनाया कंट्रोलर
कोरोना के लिए प्रदेश मुख्यालय से प्रदेश का कांट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम में जिले के सभी सीएमचओ को शामिल गया है। जीवीके ईएमआरआई के पीएम नरेश गुप्ता को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। गुप्ता ने बताया कि जिले में १८ एम्बुलेंस १०८ और १०४ एम्बुलेंस १९ और पांच बेस एम्बुलेंस हैं जो सभी ऑनरोड है।

डिस्पेंसरियां अब ३१ तक एक पारी में चलेगी
बीकानेर। कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सरकार ने प्रदेश की सभी चिकित्सा संस्थानां एवं जनता क्लिनिक एक पारी की कर दी गई है। यह व्यवस्था २५ मार्च से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में मंगलवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन उप सचिव संजय कुमार ने आदेश जारी किए हैं। आदेश में बताया कि जनता क्लिनिक व डिस्पेंसरियां सुबह नौ बजे से तीन बजे तक संचालित होगी।

मास्क लगाए, रुमाल नहीं
बाजार में कई तरह के मास्क आ रहे हैं। इनमें भी मास्क की क्वालिटी अच्छी हो वही उपयोग करें। आमजन को थ्रीलेयर या सर्जिकल वाले मास्क उपयोग में लेने चाहिए। यही मास्क वायरस और मिट्टी से बचाव करते हैं। रुमाल व कपड़ा किसी तरह का संक्रमण नहीं रोक पाता। वायरस से बचना है तो मास्क जरूर लगाए।
डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा, फिजिशियन पीबीएम अस्पताल मेडिसिन विभाग

Published on:
25 Mar 2020 05:11 am