
बीकानेर. श्रीगंगानगर जिले के रावला में एक व्यक्ति का अपहरण करने की नीयत से दो बिना नंबरी गाडिय़ों में पहुंचे बदमाशों ने मंगलवार रात छत्तरगढ़ और रावला पुलिस को खूब छकाया। बदमाशों ने घर की महिलाओं को डराया धमकाया। पुलिस पहुंची तो जीप में सवार होकर भाग छूटे। रावला पुलिस ने गाड़ी का पीछा करने के साथ ही छत्तरगढ़ पुलिस को सूचना कर नाकाबंदी कराई। बाद में दोनों थानों की पुलिस ने गाड़ी को एक जगह घेर लिया लेकिन आरोपित गाड़ी छोड़कर भाग निकलने में सफल हो गए।
छतरगढ़ एसएचओ विकास बिश्नोई ने बताया कि रावला पुलिस की आरोपितों के वारदात को अंजाम देकर छत्तरगढ़ की तरफ आने की सूचना पर सत्तासर के पास नाकाबंदी की गई। रात करीब आठ बजे नाकाबंदी को देखकर सामने से आ रही एक जीप वापस घुम गई। पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया। साथ ही ग्रामीणों और रावला पुलिस की मदद से एक आरजेडी स्थित एक खेत से इस गाड़ी को बरामद कर लिया। आरोपित यहां एक खेत में गाड़ी खड़ा करके भाग गए।
रावला सीआइ अमरजीत चावला ने बताया कि रावला निवासी नवरतन कुम्हार के घर बीदासर से दो गाडिय़ों में आए कुछ लोग घुस गए। इनका नवरतन के साथ रुपयों के लेन-देन का विवाद है। पुलिस पहुंची तो आरोपित खाजूवाला व छत्तरगढ़ की तरफ भाग गए। इस पर दो पुलिस टीमों ने उन्हें पकडऩे के लिए पीछा किया। ऐसे में आरोपित एक खेत में गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
ट्रेन की चपेट में आने युवक की मौत
बीकानेर/लूणकरणसर. कस्बे में सोमवार देर रात एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कस्बे के विश्वकर्मा मार्केट के पीछे युवक रेलगाड़ी की चपेट में आया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त हरियाणा के अबूब शहर निवासी पृथ्वीराज (२०) पुत्र मुखराम सुथार के रूप में हुई है।
शव को स्थानीय अस्पताल की सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार देर रात की घटना है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से एक शराब व पानी की बोतल, भुजिया मिले है। युवक मानसिक रूप से कमजोर था। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।