
नोखा. राज्य सरकार की ओर से फसली ऋण माफी योजना के तहत सोमवार को रोड़ा ग्राम सेवा सहकारी समिति माध्यम से किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक राजेश टाक एवं समिति अध्यक्ष भंवरलाल बिश्नोई द्वारा 341 ऋणी सदस्यों को ५७ लाख ५६ हजार रुपए के ऋण माफी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सरपंच मनीराम बिश्नोई, अर्जुन सिंह राठौड़, शिविर प्रभारी चैनाराम गोरा सहित किसान उपस्थित थे।
185 किसानों को मिली राहत
खाजूवाला. ग्राम पंचायत 20 बीडी में ग्राम सेवा सहकारी समिति की ओर से सोमवार को सहकारी ऋण माफी शिविर आयोजित हुअ। समिति व्यवस्थापक बनवारी तरड़ ने बताया कि शिविर में 185 सदस्यों को 52 लाख 75 हजार 132 रूपए के ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से किसानों का जीवन स्तर सुधारने में मदद मिल रही है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे मृदा हैल्थ कार्ड सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ उठाएं। सीसीबी चेयरमैन भागीरथ ज्याणी ने कहा कि ऋण माफीसे ग्रामीण क्षेत्रों को सर्वाधिक लाभ हुआ है। अधिशाषी अधिकारी डॉ. मनमोहन सिंह यादव ने बताया कि शिविर में 64 लघु, 5 सीमान्त व 116 अन्य किसानों को लाभान्वित किया गया है। इस दौरान शिविर प्रभारी सतेन्द्र कुमार बिश्नोई, सरपंच प्रतिनिधि सतपाल मेघवाल, 2 कालूवाला सरपंच राजेन्द्र बेनीवाल, ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष सतपाल सिंह, सदस्य रामस्वरूप मंडा, ईमीलाल देहडू, जगदीश गोठवाल आदि उपस्थित थे।
शिविर आज
मंडी 465 आरडी. संसारदेसर पंचायत की ग्राम सेवा सहकारी समिति की ओर से मंगलवार को ऋण माफी शिविर आयोजित किया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि राजुराम राइका ने बताया कि इसमें ऋण माफी के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
सरकारी खरीद की अवधि बढ़ाएं
खाजूवाला. मंडी में समर्थन मूल्य पर सरसों व चने की खरीद की अवधि बढ़ाने को लेकर सीसीबी के चेयरमैन भागीरथ ज्याणी ने राजफैड के अधिकारियों को पत्र लिखा है ता 15 जुलाई तक खरीद सुचारु रखने की मांग की है। ज्याणी ने बताया कि खाजूवाला खरीद केंद्र पर समर्थन मूल्य सरसों के 2970 व चना के 2880 पंजीकृत किसान हैं। इसमें सरसों के 1575 एवं चना के 1958 किसानों का तौल हो चुका है। शेष रहे किसानों की खरीद 27 जून तक होना संभव नहीं है। यहां खरीद केंद्र पर जगह का अभाव होने के कारण तुलाई भी धीमी गति से हो रही है। ज्याणी ने सोमवार को केंद्र पर पहुंचकर किसानों से राय ली व समस्या के बारे में विस्तार से जाना।