
बीकानेर. तालाबों में पानी कम होने से प्रवासी पक्षी अब दूसरे जिलों का रुख करने लगे हैं। पिछली साल के मुकाबले इस साल प्रवासियों में 20 से 25 प्रतिशत तक की कमी आई है। ये चौंकाने वाले आंकड़े हाल ही हुई वन विभाग की प्रवासी पक्षियों की गणना में सामने आए हैं। बीकानेर में गजनेर और आरडी ७५० को छोड़कर अन्य सभी तालाबों में इस साल प्रवासी पक्षी कम आए हैं।वन विभाग ने इस साल प्रवासी पक्षियों की गणना के लिए पूरे जिले में पानी के छह प्वॉइंट ही बनाए थे। इस गणना में सामने आया कि जिले के कुछ तालाबों में पानी कम हुआ है। पानी कम होने से इन तालाबों से प्रवासी पक्षी विमुख हो रहे है और यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या भी कम होने लगी है। वन विभाग इस साल यह गणना ५ से १० जनवरी तक की थी।
पिछले साल ज्यादा तालाबों पर
जिले में पिछले साल आठ तालाबों व झीलों पर प्रवासी पक्षियों की गणना की गई थी, जबकि इस साल छह तालाबों पर गणना हुई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल गणना में खानापूर्ति की गई, वहीं इस साल सही व जिले के मुख्य तालाबों पर गणना की गई। पिछले साल गजनेर, दियातरा तालाब द्वितीय, दियातरा रोड तालाब, दरबारी, आरडी ५०७, मंडल भाटियान तालाब, लूणकरनसर, आरडी ७५० पर प्रवासी पक्षियों की गणना की गई थी। वहीं इस साल गजनेर, दियातरा, दरबारी, आरडी ५०७, आरडी ७५० व लूणकरनसर में गणना की गई।
अलग-अलग हुई थी गणना
इस साल जिले के छह तालाबों पर एक साथ ५२ प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों की गणना की गई थी। वहीं पिछले साल अलग-अलग तालाबों पर अलग-अलग प्रवासी पक्षियों की गणना हुई थी। इनमें गजनेर में ७७ प्रजातियां, दियातरा तालाब द्वितीय में ४३, दरबारी में २१, दियातरा रोड तालाब में २४, आरडी ५०७ में ३२, मंडल भाटियान तालाब में २८, लूणकरनसर में ९८, आरडी ७५० में ३८ प्रजातियों की गणना की गई।
ये प्रवासी पक्षी आते हैं बीकानेर
बार हेडेड गुस, यूरेशियन विगोन, नॉर्थन शॉउलर, गाढवॉल, इंडियन स्पॉट बिल्ड डक, मालार्ड, नॉर्थन पिंटेल, कॉमन टिल, रेड क्रेसटेड पोचार्ड, कॉमन पोचार्ड, फिरूजीनोस डक, टफटेड डक, लिटिल गिरबी, ग्रेटर फ्लेमिंगो, पेंटेड स्टोर्क, एशियन ओपनबिल, रेड नेप्ड आइबिस, ब्लैक हेडेड आइबिस, यूरेशियन स्पूनबिल, ब्लैक क्रॉसनेड नाइट हिरोन, कैटेल इग्रेट, इंडियन पोंड हिरोन, ग्रे हिरोन, ग्रेट इग्रेट, लिटिल इग्रेट, ग्रेट वाइट पेलीकेन, लिटिल कोरमोरेंट, इंडियन कोरमोरेंट, ग्रेट कोरमोरेंट, ओरिंटेल डार्टर, वाइट ब्रिस्टेड वाटर हेन, परपल स्वापन, कॉमन मोरहेन, यूरेशियन कोट, सारूस क्रेन, डोमेंशियल क्रेन, कॉमन क्रेन, ब्लैक विंग्ड स्टिलिट, पाइड एवोकेट, रेड वाटल्ड लेपिंग, पेंटेड स्नाइप, वाइट टेल्ड लेपिंग, लिटिल रिंगेड प्लोवर, केंटिस प्लोवर, कॉमन सेंडपाइपर, ग्रीन सेंडपाइपर, मार्श सेंडपाइपर, वुड सेंडपाइपर, कॉमन ग्रीनसंक, इंडियन रीवर टर्न, कॉमन किंगफिशर, ग्रीन संक आदि प्रजातियों की गणना की गई।
पानी कम हुआ
गजनेर व आरडी ५०७ में पिछले सालों की तुलना में प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़ी है, जबकि अन्य झीलों व तालाबों में पानी कम हुआ है। इस बार प्रवासी पक्षियों की गणना जिले के पानी के छह प्वॉइंट पर हुई है।
जयदीपसिंह राठौड़, उपवन संरक्षक (वन्यजीव), बीकानेर
इस साल गणना में दिखे प्रवासी पक्षी
तालाब पक्षियों की संख्या
गजनेर ३४१
दरबारी ५१
आरडी ५०७ ७५७
आरडी ७५० २३२
लूणकरनसर ४७९
दियातरा १९८