
बीकानेर. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 29 अप्रेल को चूरू जाते समय नाल हवाई अड्डे पर आने पर उनकी देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेन्द्र गहलोत के साथ बातचीत के दौरान बाल काटने का बयान यहां फिर चर्चा में रहा। राहुल गांधी की बात को लेकर यहां पीएम नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष गांधी पर तंज कसा।
पीएम ने अपने भाषण में कहा कि अभी २९ अप्रेल को नामदार (राहुल गांधी) ने अपने ही पार्टी के जिलाध्यक्ष के साथ जो किया और बाल काटने के बारे में जो कहा, यही कांगे्रस की असलियत है। कामगारों का अपमान करने में इनको बड़ा आनंद आता है। ये गरीब को, मेहनत करने वाले को, उसकी हैसियत दिखाने से कभी नहीं चूकते। साथियो बाल काटने वाला हो, चौकीदार हो, चाय वाला हो, हर कोई अपने कौशल से खाता है। वो नामदारों की कृपा का मोहताज नहीं है। ये अपमान किसी व्यक्ति का नहीं है। मेहनत करने वाले हर इंसान का है। ये अपमान बीकानेर के एक युवक का हुआ है, एेसा नहीं है। ये अपमान बीकानेर के कांग्रेस अध्यक्ष का हुआ है, एेसा नहीं है। ये अपमान हम जैसे मेहनतकश लोगों का है।
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के स्वगत में नाल हवाई अड्डे पर बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत एवं देहात जिलाध्यक्ष महेन्द्र गहलोत आए थे। जानकारी के अनुसार उन तीनेां के उपनाम को लेकर वहां चर्चा छिड़ गई थी। बाद में महेन्द्र गहलोत ने बताया कि वे जाति से माली नहीं नाई हैं। तब राहुल गांधी ने उनसे पूछा था कि वे बाल काटना जानते हैं। इस पर महेन्द्र गहलोत ने कहा कि यह काम उनके पुरखे करते आए हैं। यह सुनकर राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी ने बीकानेर में कांग्रेस की जीत होने पर दिल्ली आकर उनके बाल काटने को आमंत्रित किया। यह समाचार मीडिया में आने के बाद लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। बाद में भाजपा ने राहुल गांधी और महेन्द्र गहलोत के बीच की बातचीत को अशोभनीय टिप्पणी बताते हुए विरोध प्रदर्शन कर निंदा प्रस्ताव पारित किया था। शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन में हुई सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी की बात को लेकर उन पर निशाना साध दिया। राहुल गांधी पर कामगारों का अपमान करने का आरोप लगाया।