
बीकानेर. प्रदेश के चीफ काजी खालिद उस्मानी ने कहा है कि आज राजा की नहीं, जनसेवक की जरूरत है। उन्हें इस बात का मलाल है कि मुस्लिम समाज आज पसोपेश की स्थिति में गुजर रहा है। खासकर राजनीतिक दल उन्हें वोट बैंक के रूप में काम ले रहे हैं। किसी भी दल से राजनीति में चुनकर आगे जाने वाला व्यक्ति भी समाज के बारे में नहीं सोच रहा है। बीकानेर आए उस्मानी ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि अब ऐसे स्वच्छ छवि के आम कार्यकर्ता बनाएं जाएं, जो राजनीति में आकर समाज के हित में काम कर सकें। उन्होंने मुहिम शुरू कर फिलहाल लोगों से सम्पर्क साधा जा रहा है।
जल्द मांगेंगे आवेदन
चीफ काजी ने बताया कि जल्द ही वे इसके लिए आवेदन मांगेंगे। इसमें साफतौर पर उन आम लोगों को जोड़ा जाएगा, जो वास्तव में महज कार्यकर्ता होंगे, नेता नहीं। इसके लिए उन कार्यकर्ताओं की शैक्षिक, सामाजिक स्थिति का अपटेड लेखा-जोखा लिया जाएगा। इसमें एकदम साफ-सुथरी छवि, शिक्षित व विकास की सोच रखने वाले कार्यकर्ता होंगे।
उस्मानी ने कहा कि जो भी दल प्रत्याशी बनाए, तो उनसे सुझाव ले और जो कार्यकर्ता हम तैयार करें, उनमें से ही चुनें। खासकर मुस्लिम समाज के उत्थान के लिए ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जो हकीकत में जन सेवक बनकर काम करें। उन्होंने कहा कि आज राजनीति में भ्रष्टाचार चरम पर है, टिकटों की खरीद-फरोख्त होती है। एेसे में जनसेवा के बारे में कोई नहीं सोचता है।
स्वच्छ कार्यकर्ता बनाने की शुरुआत प्रदेश से
चीफ काजी ने बताया कि विधानसभा चुनावों को देखते हुए स्वच्छ कार्यकर्ता बनाने का अभियान प्रदेश से शुरू किया जाएगा। इसके बाद देश के अन्य राज्यों में भी इस तरह का जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उस्मानी ने बताया कि अभियान की रूपरेखा तैयार करने के लिए उन्होंने अजमेर से दौरा शुरू किया है। इसके तहत सीकर, जयपुर के बाद बीकानेर आए हैं। अब पाली, सवाईमाधोपुर, टोंक, दौसा के लिए निकलेंगे।