
बीकानेर. राजस्थान गौरव यात्रा के रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरुवार देर शाम बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पांच किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान यात्रा की शुरुआत स्थल बड़ा गणेश मंदिर से लेकर गोकुल सर्किल तक हजारों की तादाद में भीड़ जुटी। जिसे देखकर मुख्यमंत्री गद्गद् हो गई। वे गोकुल सर्किल पर गाड़ी से उतरकर रथ पर सवार हो गई। यहां पहला संबोधन देते हुए मुख्यमंत्री ने पुष्करणा स्टेडियम और शहर की सड़कों के लिए दस करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
इसके बाद जैसे-जैसे रथ आगे बढ़ा सड़क के दोनों तरफ मुख्यमंत्री झलक पाने के लिए आतुर जनता जुटी मिली। बस की खिड़की खोलकर मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता के अभिनंदन का प्रत्युत्तर दिया। जूनागढ़ के पास बस की लिफ्ट से ऊपर निकली मुख्यमंत्री ने दोनों हाथ हिलाकर सबका अभिनंदन स्वीकार किया। दीनदयाल सर्किल पर पहुंचकर रोड शो समाप्त हुआ। यहां से गाड़ी में सवार होकर रात्रि विश्राम के लिए लालगढ़ पैलेस के लिए रवाना हो गई। शाम सात बजे शुरू हुआ रोड शो पांच किलोमीटर का सफर पूरा कर नौ बजे समाप्त हुआ।
एलीवेटड रोड कल बना दूं...
गोकूल सर्किल के पास संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री राजे ने एलीवेटड रोड के मामले में कहा कि पैसा और अधिकारी तैयार है। मैं एलीवेटड रोड कल बना दूं। परन्तु कुछ लोग इस मामले को कोर्ट में ले गए है। उन्हें समझाकर वापस ले आइए। काम तुरंत शुरू हो जाएगा।
बेटियों ने किया स्वागत
बड़ा गणेशजी मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत बालिकाओं ने किया। अपने सिर पर एक जैसे साफा पहने बालिकाओं ने मुख्यमंत्री के तिलक लगाकर स्वागत किया और पुष्पवर्षा की।
छतों पर महिलाओं की भीड़
रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बने मकानों की छतों पर महिलाओं की अधिक भीड़ रही। शाम चार बजे से ही महिलाएं घरों की छतों पर जुट गई थी। मुख्यमंत्री ने भी छतों पर खड़े लोगों की तरफ हाथ हिलाकर स्वागत किया। बड़ा गणेश मंदिर में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक गोपाल जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, मीना आसोपा, महेन्द्र सिंह सोढी, विजय आचार्य आदि भाजपा पदाधिकारियों ने सीएम का स्वागत किया।
सभी काम सड़क पर कराओगे
रोड शो के दौरान गौरव रथ में सवार मुख्यमंत्री आमजन की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ उनको आश्वासन भी दे रही थी। जस्सूसर गेट के बाहर गौरव रथ के पास बड़ी संख्या में खडे़ लोगों ने अपनी विभिन्न मांगे मुख्यमंत्री के आगे रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी काम सड़क पर ही कराओगे क्या। उन्होंने मांगों को लेकर लोगों को आश्वासन भी दिए।
मंदिर में २३ मिनट तक की पूजा
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बड़ा गणेश मंदिर में २३ मिनट रही। उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन-पूजन कर आर्शीवाद लिया। मंदिर के बाहर भीड़ जुटी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं मुख्यमंत्री का स्वागत में नारे लगाती रही।जगह-जगह स्वागतमुख्यमंत्री का पुष्करणा स्टेडियम, धर्मनगर द्वारा, बड़ी ईदगाह, एमएम ग्राउण्ड के पास स्वागत किया गया।
जस्सूसर गेट पर विधायक गोपाल जोशी ने स्वागत किया। जस्सूसर गेट रोड, गजनेर रोड आरओबी, फड बाजार रोड, मुख्य डाकघर, सार्दुल ङ्क्षसह सर्किल होते हुए रोड शो जूनागढ़ पहुंचा। यहां से रोड शो राजकीय मुद्रणालय, एमएन अस्पताल रोड होते हुए अम्बेडकर भवन तक हुआ।