
बीकानेर. भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दंतौर थाना क्षेत्र में तारबंदी तक दो संदिग्धों के पहुंचने के मामले की रविवार को पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। इससे पहले दो दिन बीएसएफ सहित सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय सुरक्षा एजेंसियां पड़ताल कर चुकी हैं। संदिग्ध 26-27 दिसम्बर की मध्यरात्रि धुंध की आड़ में बॉर्डर तक पहुंचने में सफल हुए। इसका खुलासा होने के बाद बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर अलर्ट जारी कर चौकसी बढ़ा दी है। बीएसएफ की रिपोर्ट पर दंतौर थाना में अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि मौका निरीक्षण के साथ ही बीएसएफ के २६-२७ दिसम्बर की मध्य रात को ड्यूटी पर रहे जवानों से भी जानकारी जुटाई गई है।
साथ ही घटनास्थल के आस-पास के खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों से भी पूछताछ की। घटना वाली रात धुंध काफी ज्यादा थी। एेसे में संदिग्धों के ग्रामीणों तथा निगरानी तंत्र की नजरों से बचकर बॉर्डर तक पहुंचने में कामयाब होना प्रतीत हो रहा है। तारबंदी और जीरो लाइन के बीच संदिग्धों के पैरों के निशान नहीं मिले। एेसे में प्रथमदृष्टया एक संदिग्ध के तारबंदी तक जाकर वापस लौटने और दूसरे के रास्ते में रुके होने का अनुमान है।
'सर्द हवाÓ जैसी सतर्कता के निर्देश
बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक रात को धुंध और सर्दी ज्यादा होने के चलते बॉर्डर पर घुसपैठ एवं तस्करी की आशंका बढ़ गई है। जनवरी में बीएसएफ का विशेष सतर्कता पखवाड़ा 'ऑपरेशन सर्द हवाÓ भी इसके दृष्टिगत चलाया जाता है। ऑपरेशन सर्द हवा शुरू होने तक बीएसएफ अधिकारियों ने बॉर्डर पर वैसी ही सतर्कता रखने के निर्देश दिए हैं। दंतौर थाना क्षेत्र में बॉर्डर पर घुसपैठ के प्रयास का मामला सीमा पार से तस्करी से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।