बीकानेर

पिकअप-बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत

जयमलसर गांव के पास हादसा, दोनों मृतक रिश्ते में समधी  
2 min read
May 03, 2020
पिकअप-बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत
पिकअप-बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत

बीकानेर/नाल/जयमलसर. लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट मिलने के साथ ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। वाहनों का आवागमन बढऩे के बाद अब हादसे भी होने लगे हैं। पिछले तीन दिन में चार हादसों में तीन व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। शनिवार सुबह जयमलसर गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार दो जनों की मौत हो गई।

नाल सीआइ विक्रमसिंह चारण ने बताया कि जयमलसर से नोखा दैया जाने वाले मार्ग पर एक पिकअप और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार बीठनोक निवासी अकरम (१८) पुत्र हमीद खां एवं नोखा दैया निवासी मुंसिफ (१४) पुत्र बाबू खां की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अकरम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुंसिफ का पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम टूट गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों मृतक आपस में समधी बताए गए हैं।

पिकअप जा रही थी अनाज मंडी

पुलिस के अनुसार चने से भरी पिकअप अनाज मंडी जा रही थी। बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर गांव जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार आई पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पिकअप भी टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर करीब ५० फीट दूर सड़क किनारे बने एक मकान से जा भिड़ी। हादसे में पिकअप में सवार दो जनों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने युवकों के शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए है। इस संबंध में दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है।

दो ट्रकों की हुई थी भिड़ंत

लॉकडाउन में ढील के बाद पहला बड़ा हादसा लूणकरनसर में उरमूल ट्रस्ट के पास हुआ था। इसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह हादसा २९ अप्रेल को हुआ था। वहीं एक अन्य हादसा शोभासर के पास भी हुआ।

Published on:
03 May 2020 06:18 am