बीकानेर

कलश व शोभायात्रा निकाली, यज्ञ और पूजन किया

पूगल रोड पर नव निर्मित श्री हीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मण्डपस्थ देवताओं का पूजन एवं यज्ञ का आयोजन हुआ।
2 min read
shobha yatra
shobha yatra

बीकानेर. पूगल रोड पर नव निर्मित श्री हीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीसरे दिन बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मण्डपस्थ देवताओं का पूजन एवं यज्ञ का आयोजन हुआ। पं. राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में २१ पण्डितों के सामूहिक मंत्रोच्चारण के पूजन के बाद कलश यात्रा निकाली गई। विष्णुदत्त गहलोत ने बताया कि कलश यात्रा ब्रह्म सागर मंदिर से रवाना हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश रखकर शामिल हुईं।

कलश यात्रा में नव निर्मित श्री हीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर में स्थापित होने वाली सभी मूर्तियों की शोभयात्रा निकाली गई। कलश व शोभायात्रा में देवी-देवताओं की सजीव झांकियां निकाली गई। कलश यात्रा मंदिर के पास पहुंचकर सम्पन्न हुई। हरिद्वार के महामण्डलेश्वर प्रेमानन्द महाराज, स्वामी ब्रह्मचारी महाराज, बिश्नोई समाज के संत के सान्निध्य में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सेठ हीरालाल गहलोत परिवार के विष्णुदत्त गहलोत ने संत-महात्माओं, अतिथियों और महिलाओं का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर लाल डूडी, कांग्रेस नेता डॉ. बी डी कल्ला, गोपाल गहलोत, तुलसी देवी गहलोत ने विचार रखे। इस दौरान बीकानेर सहित उड़ीसा, मकराना, जयपुर, ओंकारेश्वर आदि स्थानों के कारीगर जिन्होंने मंदिर निर्माण में शामिल रहे हैं, उनका सम्मान किया गया। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कांग्रेस प्रदेश सचिव जिया उर रहमान आरिफ, शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, श्रीलाल व्यास सहित गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए।

मूर्तियों का औषधीय स्नान, हवन में दी आहुतियां
बीकानेर. ब्रह्म बगीचा में मुक्तिनाथ महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों में बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मूर्तियों का औषधिय स्नान और हवन में आहूतियां दी गई। प्रन्यास ट्रस्टी राजेश चूरा ने बताया कि पं. जुगल किशोर ओझा के आचार्यत्व में पूजन कार्यक्रमों में भगवान गणेश, चतुर्वेद पूजन, पुण्यावाचन, हवन, मूर्तियों का औषधीय स्नान, आारती आदि कार्यक्रम हुए।

अध्यक्ष तोलाराम पेडि़वाल ने बताया कि आरती एवं हवन की पूर्णाहुति के अवसर पर भाजपा नेता देवीसिंह भाटी ने कहा कि औषधीय अभिषेक का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि शिव परिवार में नर्बदेश्वर को औषधीय स्नान करवाने से व्यक्ति रोग मुक्त होता है। इस स्नान में १०८ प्रकार की औषधियों का उपयोग होता है।

विधायक डॉ. गोपाल जोशी ने कहा कि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के सहभागी होने वाले स्वयं मनुष्य की पहले और बाद की दस पीढि़यों का उद्धार हो जाता है। जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने कहा कि यह आध्यात्मिक और धार्मिक आस्था की नगरी है। नगर विकास न्यास के अध्यक्ष महावीर रांका एवं रामकिशन आचार्य ने कहा कि आधुनिक और विज्ञान के इस दौर में भोगवादी दृष्टि से मोक्ष की ओर गमन करने की भावना जब पूरी होती है तब मनुष्य परमार्थ की ओर बढ़ता है। इस अवसर पर अतिथियों ने ब्रह्म बगीचा में हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

निकलेगी शोभायात्रा
प्रन्यास सचिव एड. हीरालाल हर्ष ने बताया कि गुरुवार को प्राण-प्रतिष्ठा का मुख्य समारोह आचार्य महामण्डलेश्वर निरंजन पीठाधीश्वर पुण्यानन्द गिरी महाराज के सानिध्य में दोपहर १२.३० बजे से प्रारम्भ होगा। इससे पहले सुबह ९.३० बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं बुधवार को हुए कार्यक्रमों में कांग्रेस नेता डॉ. बीडी कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पार्षद हजारी देवड़ा, नागेश्वर जोशी, नितिन वत्सस, जन्मेजय व्यास, किशन गोपाल हर्ष, सत्यनारायण सिंगोदिया, हरिकिशन जोशी, रामकुमार व्यास, राहुल जादूसंगत, डी पी पचीसिया, नरेश मित्तल, एड. दाऊलाल पुरोहित, गोकुल जोशी, एसपी पुरोहित, प्रेमरतन जोशी, गोपाल पुरोहित सहित गणमान्य लोग शामिल हुए।

Published on:
23 Aug 2018 12:27 pm